वित्त मंत्री का गढ़वा दौरा: विकास कार्यों की समीक्षा और अधिकारियों के साथ अहम बैठक...
Garhwa: : झारखंड के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज 13 अप्रैल को गढ़वा जिले के दौरे पर रहेंगे.
इस दौरान वे सुदूरवर्ती और कभी नक्सल प्रभावित रहे बूढ़ा पहाड़ और टेहरी पंचायत के गांवों में पहुंचकर विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करेंगे.
जिला प्रशासन के मुताबिक मंत्री खुद क्षेत्र में चल रही योजनाओं की हकीकत जानेंगे और यह परखेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं.
समाहरणालय में होगी अहम समीक्षा बैठक
मंत्री राधाकृष्ण किशोर पूर्वाह्न 11:30 बजे समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक करेंगे. इस बैठक में बूढ़ा पहाड़ और टेहरी पंचायत के गांवों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी.
बैठक में खास तौर पर बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सेवाओं की उपलब्धता पर बिंदुवार समीक्षा की जाएगी. जिले के सभी वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में योजनाओं की प्रगति पर रिपोर्ट ली जाएगी.
दोपहर में मीडिया से करेंगे संवाद
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समीक्षा बैठक के बाद दोपहर 1 बजे मंत्री स्थानीय मीडिया से बातचीत करेंगे. इस दौरान वे क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति, आगे की योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर जानकारी साझा करेंगे.
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास पर खास फोकस
बूढ़ा पहाड़ इलाका पहले नक्सल गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है. ऐसे में मंत्री का यह दौरा खास माना जा रहा है.
माना जा रहा है कि सरकार इस क्षेत्र में विकास कार्यों को और तेज करने के लिए जमीनी फीडबैक जुटा रही है