शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, धनबाद की दो मिठाई दुकानों में मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि सुबह दुकान खुलने के बाद समोसा और अन्य खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी. इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी. दुकानदारों का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है. चूंकि दुकान सड़क किनारे थी, इसलिए दमकल कर्मियों को आग बुझाने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई.
 

Dhanbad: धनबाद में मंगलवार को दो मिठाई दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानों से धुएं का गुबार उठने लगा. स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. इस हादसे में दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था.

बताया जा रहा है कि सुबह दुकान खुलने के बाद समोसा और अन्य खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी. इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी. दुकानदारों का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है. चूंकि दुकान सड़क किनारे थी, इसलिए दमकल कर्मियों को आग बुझाने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई.

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों दुकानें दो भाइयों द्वारा संचालित की जाती हैं और यहां हमेशा ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है. आरोप है कि दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है और सड़क किनारे ही चूल्हा जलाकर खाद्य सामग्री तैयार की जाती है. लोगों का कहना है कि इस वजह से इलाके में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई.

फायर ब्रिगेड अधिकारी बिनोद उरांव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया. शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा.