चतरा में दिनदहाड़े चली गोली, एसपी आवास के बाहर गार्ड ने साथी गार्ड को उतारा मौत के घाट, पुलिस जांच में जुटी
Chatra: झारखंड के चतरा जिले में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के सामने दिनदहाड़े हुई फायरिंग में एक प्राइवेट गार्ड की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट गार्ड ने किसी विवाद के बाद अपने ही साथी गार्ड पर गोली चला दी.
गोली लगते ही घायल गार्ड जमीन पर गिर पड़ा। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फायरिंग किन कारणों से हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है.
एसपी आवास के सामने हुई इस वारदात ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा.