श्रावणी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, देवघर-बासुकीनाथ रूट पर बसों की कमी से बढ़ी परेशानी; 7 वाहन जब्त
Jharkhand news: श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर देवघर से बासुकीनाथ जाने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने बसों के संचालन के साथ कई अस्थायी बस स्टैंड बनाए हैं, लेकिन इसके बावजूद देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर बसों की कमी की शिकायत सामने आ रही है।
बिना परमिट दौड़ रहे वाहनों पर प्रशासन की नजर
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच पर्याप्त बसें उपलब्ध नहीं होने का फायदा कुछ वाहन संचालक उठा रहे हैं। आरोप है कि कुछ बसें बिना वैध परमिट के भी यात्रियों को लेकर बासुकीनाथ तक चल रही हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि परमिट के साथ वाहन की फिटनेस और अन्य सुरक्षा मानकों का भी पालन जरूरी होता है।
देवघर के जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि बिना परमिट या नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान अब तक बिना परमिट चल रही सात बसों को पकड़कर थाने भेजा गया है। बस संचालकों को वैध परमिट के बिना परिचालन नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है। नियम तोड़ने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पांच अस्थायी बस स्टैंड, फिर भी यात्रियों की परेशानी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघर में करीब पांच अस्थायी बस स्टैंड बनाए गए हैं। यहां से देवघर-बासुकीनाथ रूट पर बसों के परिचालन की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कोठिया और बाघमारा समेत कुछ इलाकों से बिना परमिट बसों के संचालन की शिकायतें मिल रही हैं।
श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालु देवघर से बासुकीनाथ की यात्रा करते हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती भीड़ के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था करने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पिछले साल हुई बस दुर्घटनाओं में श्रद्धालुओं की मौत की घटनाओं को देखते हुए इस बार फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की सख्त जांच बेहद जरूरी मानी जा रही है।