शांति व्यवस्था पर फोकस: गिरिडीह में मंत्री ने 32 सुरक्षा/प्रशासनिक वाहनों को किया रवाना...
Giridih: शनिवार को ईद के साथ सरहुल है तो चैत्र नवरात्र भी चल रहा है. वहीं दो दिनों बाद चैती छठ भी प्रारम्भ हो जाएगा. जबकि रामनवमी को लेकर अखाड़ा की तैयारी भी चल रही है. ऐसे में जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है. शांति समिति की बैठक हो चुकी है. जिले सभी अधिकारियों संग डीसी रामनिवास यादव एवं एसपी डॉ बिमल कुमार ने भी बैठक की है.
इस बीच ईद से एक दिन पहले प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाल कर अपनी तैयारी भी दिखायी. इस बीच शुक्रवार की शाम को गिरिडीह पुलिस को 32 नया वाहन भी सुपुर्द किया गया. शहर के बड़ा चौक में इसे लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यहां स्थानीय विधायक सह मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया. इस दौरान डीसी-एसपी के साथ कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
इस अवसर पर मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का प्रतीक है. पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने पुलिस बल को निर्देश दिया कि वे पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके. उन्होंने कहा कि आम जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि रवाना किए गए इन 32 पुलिस वाहनों में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो त्वरित प्रतिक्रिया देने में सक्षम हैं. ये वाहन जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सके. साथ ही, पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.
डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पर्वों के मद्देनजर व्यापक तैयारियां की गई हैं. संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. साथ ही, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि हर स्थिति पर त्वरित नियंत्रण किया जा सके.
एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि पर्व के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक खबरों को समय रहते रोका जा सके. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से ईद और रामनवमी का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा.