रांची रेल मंडल में पहली बार इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट, 100 मीटर दौड़ से हुई शुरुआत

 

Ranchi, Jharkhand: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में कर्मचारियों के लिए पहली बार ‘इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026’ शुरू हो गया है। इसका आयोजन कर्मचारियों को खेलों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने और अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। शुक्रवार को हटिया स्थित हॉकी स्टेडियम में खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया।

स्पोर्ट्स मीट की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष/SERSA रांची करुणा निधि सिंह और सर्वो रांची की अध्यक्षा निधि सिंह ने की। उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इसके बाद विभिन्न विभागों से पहुंची टीमों ने स्काउट एवं गाइड के ढोल की धुन पर मार्च पास्ट किया।

गुब्बारे उड़ाकर किया गया प्रतियोगिता का शुभारंभ

मार्च पास्ट के बाद अतिथियों ने SERSA रांची के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया। इसके बाद अलग-अलग टीमों में शामिल खिलाड़ियों का परिचय कराया गया। गुब्बारे उड़ाकर इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई।

उद्घाटन के पहले दिन एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं कराई गईं। पुरुष और महिला रेल कर्मचारियों के लिए 100 मीटर दौड़, जबकि पुरुष कर्मचारियों के लिए 400 मीटर रिले दौड़ आयोजित हुई। अलग-अलग विभागों से आए कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

खेल से अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा

मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष/SERSA करुणा निधि सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल कर्मचारियों के बीच अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने के साथ आपसी सौहार्द बढ़ाने का भी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से सकारात्मक खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।

रांची मंडल में पहली बार हो रहे इस आयोजन से रेलवे के अलग-अलग विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, प्रतियोगिता के जरिए कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय और टीमवर्क को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन कार्यक्रम में सर्वो रांची की उपाध्यक्षा अजीता रानी, अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्रेया सिंह समेत रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।