गिरिडीह सड़क दुर्घटना ने छीनी दो जिंदगियां: विवाह समारोह से लौट रहे लोगों की कार बस से टकराई...

Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बस और कार की जोरदार टक्कर हो गई. यह हादसा सुबह करीब 5 बजे लाल बाजार के पास हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
 

Giridih: जिले में गुरुवार सुबह बस और कार के बीच भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. घटना में दो लोगों की मौत हो गई. जबकि पांच लोग घायल हो गए. घटना धनवार थाना इलाके के लाल बाजार की है.

बताया जा रहा है कि सवारी बस खोरीमहुआ की तरफ आ रही थी. जबकि स्विफ्ट कार देवघर से बिरनी की तरफ जा रही थी. इसी बीच लाल बाजार के पास दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई. घटना में बिरनी थाना इलाके के रहने वाले 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी की मौत हो गई. वहीं, कार पर इन दोनों के साथ सवार सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण, अरविंद यादव घायल हो गए.

गुरुवार की सुबह लगभग पांच बजे यह घटना घटी. दुर्घटना होते ही यहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. लोगों की भीड़ जुट गई. लोग घायलों को निकालने में जुटे रहे. इस बीच घटना की सूचना पर धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.

थाना प्रभारी ने सबसे पहले घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को कब्जे में लिया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने में पुलिस जुटी है. इधर यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना कैसे हुई. लापरवाही किसकी थी. वाहन का स्पीड कितना था.

बस ने कार को मारी टक्कर

धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे एक कार और बस में टक्कर हो गई. इस घटना में एक बुजुर्ग और एक युवती की मौत हो गई. जबकि पांच लोग घायल हैं. सभी कार पर सवार थे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. मामले की जांच चल रही है.

वहीं, बिरनी प्रमुख रामू बैठा ने बताया कि बिरनी थाना इलाके के बरमसिया गांव के जयनारायण राम का परिवार के लोग देवघर शादी समारोह में गए थे. वापसी के दौरान लाल बाजार के पास विपरीत दिशा से आ रही विभा नामक बस ने टक्कर मार दी. जिसमें बंगाली हाड़ी एवं कुमकुम कुमारी की मौत हो गई.