रांची में आरपीसी मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का राज्यपाल ने किया उद्घाटन, पहले ही दिन हुए रोमांचक मुकाबले...

Ranchi: 11 दिवसीय इस टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि मीडिया समाज का सजग प्रहरी है और लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ भी...
 
Ranchi: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 4 फरवरी 2026 को रांची प्रेस क्लब द्वारा जेके इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी, अगरू, रातू रांची में आयोजित आरपीसी मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 का उद्घाटन किया.
11 दिवसीय इस टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि मीडिया समाज का सजग प्रहरी है और लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ भी.
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनचेतना को जागृत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण कड़ी है.
राज्यपाल ने कहा कि मीडिया से जुड़े साथी दिन-रात परिश्रम कर जनहित के मुद्दों को सामने लाने का दायित्व निभाते हैं.
उन्होंने कहा कि मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द, समन्वय और आत्मीयता को बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं. क्रिकेट से धैर्य, रणनीति और टीमवर्क की सीख मिलती है, जो जीवन और पेशे दोनों में उपयोगी है.
अपने संबोधन में राज्यपाल ने खेल प्रतिभाओं पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि हाल ही में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद के दौरान झारखंड में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाओं पर चर्चा हुई थी.
यदि कम उम्र से ही खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और मंच मिले, तो राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकता है.
उन्होंने यह भी कहा कि खेलों के विकास में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है, क्योंकि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि जब मीडिया में प्रमुखता से आती है, तो वह हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनती है.
राज्यपाल ने रांची प्रेस क्लब के हालिया चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी और खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाया.
उद्घाटन दिवस पर दो रोमांचक मुकाबले खेले गए. पहले मैच में भैरवी ने कारो को 18 रन से हराया. भैरवी ने 13 ओवर में 160/2 रन बनाए, जिसमें विक्की पासवान की नाबाद 117 रनों की शानदार पारी शामिल रही. जवाब में कारो की टीम 142/5 रन ही बना सकी. इस मैच के प्लेयर ऑफ द मैच विक्की पासवान रहे.
वहीं दूसरे मुकाबले में अमानत टीम ने अजय को 7 विकेट से पराजित किया. अजय ने 13 ओवर में 124/3 रन बनाए, जबकि अमानत ने 10.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. शमीम राजा को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 की शानदार शुरुआत के साथ खेल भावना और पत्रकारिता के बीच सामंजस्य का संदेश भी मजबूती से सामने आया.