धीरे-धीरे सामान्य हो रही रसोई गैस की आपूर्ति, घरों तक पहुंचने लगे सिलेंडर..उपभोक्ताओं ने ली राहत की सांस...

Giridih: डिस्ट्रिब्यूटर्स के अनुसार, जैसे-जैसे सप्लाई लाइन सामान्य हो रही है, वैसे-वैसे लंबित बुकिंग की डिलीवरी की जा रही है. गोदामों से सिलेंडरों की नियमित आवक शुरू हो गई है और डिलीवरी वाहनों की संख्या भी बढ़ाई गई है. कई वार्डों और मोहल्लों में एक-दो दिन के भीतर सिलेंडर पहुंचने लगे हैं. कुल मिलाकर, गिरिडीह में एलपीजी सिलेंडर संकट से बाहर निकलने के संकेत साफ नजर आने लगे हैं. यदि मौजूदा रफ्तार बनी रही, तो जल्द ही जिले में रसोई गैस की डिलीवरी पूरी तरह पटरी पर लौटने की उम्मीद है.
 
 

Giridih: रसोई गैस की तंगी की बातें सुनकर परेशान होने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. अब घरों तक रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति शुरू कर दी गई है. जैन गैस एजेंसी गिरिडीह द्वारा पिछले दो दिनों से होम डिलीवरी का काम किया जा रहा है. शनिवार को कई इलाकों में होम डिलीवरी की गई है. डिलीवरी ब्वॉय शंकर ने बताया कि दो दिनों से वह घरों तक रसोई गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम कर रहा है. जिले में चार दिन पहले ही जिलाधिकारी ने रसोई गैस वितरण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की थी. इसके बाद से वितरण में परिवर्तन देखा जा रहा है.

इधर जैन गैस के संचालक महेश जैन का कहना है कि उनके पास 40 हजार कनेक्शन हैं. पहले 10-11 हजार लोग ही रसोई गैस लेते थे उसी के अनुसार उनके पास सिलेंडर की आपूर्ति होती थी. हाल के एक पखवाड़े के दौरान सिलेंडर लेने वालों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो गई.

इससे स्थिति गंभीर हो गई. अभी उनके पास सिलेंडर की आपूर्ति बढ़ाने की जरूरत है. वैसे उनके द्वारा घरों तक सिलेंडर की आपूर्ति शुरू की गई है. उनके यहां वर्तमान में सबसे अधिक भीड़ केवाईसी कराने वालों की है. उन्होंने कहा कि आपूर्ति बढ़ेगी तो स्थिति कतार वाली नहीं रहेगी.

इससे पहले गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव ने जिले में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिले के सभी प्रमुख गैस एजेंसी संचालक, आपूर्ति विभाग के अधिकारी और संबंधित कर्मी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान उपायुक्त ने गैस सिलेंडर की आपूर्ति, वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की.

उपायुक्त ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की जितनी आवश्यकता है, उतनी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. डीसी ने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है.

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि जिले में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है. साथ ही सभी अधिकृत गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं और किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी उत्पन्न न होने दें.

उपायुक्त ने यह भी बताया कि आपूर्ति विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार गैस एजेंसियों की निगरानी की जा रही है. जिससे किसी भी स्तर पर अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत न मिले. उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे पारदर्शिता के साथ वितरण कार्य करें और प्राथमिकता के आधार पर घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं.

साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी समय पर गैस की आपूर्ति पहुंचे.

उपायुक्त रामनिवास यादव ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें. इसके साथ ही गैस सिलेंडर की कमी को लेकर किसी भी तरह की गलत जानकारी फैलाने से बचें. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जरूरत के अनुसार गैस की आपूर्ति बढ़ाने के लिए संबंधित कंपनियों से समंवय स्थापित किया गया है.