झारखंड में खेल का सपना फेल? 11 साल में 700 की जगह सिर्फ 250 खिलाड़ियों को ट्रेनिंग!
Ranchi: झारखंड में खेल प्रतिभाओं को तराशने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से गठित झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) अब सवालों के घेरे में है। गठन के करीब 11 साल बाद भी सोसाइटी अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल नहीं कर पाई है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण से लेकर खेल अकादमियों और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना तक कई महत्वपूर्ण योजनाएं अधूरी हैं। अब इन कमियों को देखते हुए राज्य सरकार सोसाइटी के संचालन से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) को हटाने की तैयारी कर रही है।
700 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य, फिलहाल सिर्फ 250 नामांकित
JSSPS के गठन के समय 700 खिलाड़ियों को आवासीय प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 1400 खिलाड़ियों तक करने की योजना थी। लेकिन अब तक कुल 590 खिलाड़ियों का ही नामांकन हुआ है। वर्तमान में प्रशिक्षण केंद्र में महज 250 खिलाड़ी नामांकित हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि प्रशिक्षण के बीच में संस्थान छोड़ने वाले खिलाड़ियों का वर्षवार आंकड़ा भी उपलब्ध नहीं है। इससे खिलाड़ियों के ड्रॉपआउट और प्रशिक्षण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं।
15 खेल अकादमियों का लक्ष्य, अब तक 14 ही शुरू
समझौते के अनुसार, 17 जून 2017 तक 15 खेल अकादमियों को पूरी तरह संचालित करना था। लेकिन करीब नौ साल की देरी के बावजूद यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।
समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, 2016-17 में चार, 2017-18 में छह, 2023-24 में एक और 2026-27 में तीन अकादमियां शुरू की गईं। इस तरह अब तक कुल 14 अकादमियां ही संचालित हो सकी हैं।
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का सपना भी अधूरा
JSSPS के गठन के समय स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना का भी वादा किया गया था। एमओयू के मुताबिक, समझौते के 36 महीने के भीतर यानी जून 2018 तक विश्वविद्यालय स्थापित होना था। लेकिन तय समयसीमा के करीब आठ साल बाद भी यह सपना पूरा नहीं हो पाया है।
CCL की कार्यप्रणाली पर सरकार ने उठाए सवाल
खेल निदेशक छवि रंजन की समीक्षा में सामने आई कमियों के बाद खेल विभाग ने CCL से जवाब मांगा था। CCL ने हॉस्टल की सीमित क्षमता, कोविड महामारी, भर्ती नियमों में बदलाव और टैलेंट एक्विजिशन पॉलिसी में संशोधन को देरी की वजह बताया। हालांकि, विभाग ने इन स्पष्टीकरणों को संतोषजनक नहीं माना।
अब राज्य सरकार JSSPS के संचालन की जिम्मेदारी CCL से लेकर अपने हाथों में लेने पर विचार कर रही है।
CAG रिपोर्ट में भी सामने आई वित्तीय गड़बड़ी
JSSPS के कामकाज पर भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने भी रिपोर्ट संख्या 6/2025 में सवाल उठाए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2021-22 में सोसाइटी ने कुल 11.52 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें से केवल 4.35 करोड़ रुपये यानी करीब 38 प्रतिशत राशि खेल गतिविधियों पर खर्च हुई। जबकि 7.17 करोड़ रुपये यानी लगभग 62 प्रतिशत राशि प्रशासनिक, स्थापना और मरम्मत संबंधी कार्यों पर खर्च की गई।
CAG ने यह भी सवाल उठाया था कि निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं होने के बावजूद एमओयू की समयसीमा में बदलाव नहीं किया गया और CCL की ओर से वित्तीय सहायता जारी रही।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बनी JSSPS अपने ही लक्ष्यों से पीछे क्यों रह गई? क्या सरकार CCL से संचालन की जिम्मेदारी वापस लेकर खेल व्यवस्था में बदलाव करेगी?