हजारीबाग : चौपारण में बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से ऑन-ड्यूटी हवलदार की मौत, तीन घायल
हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित चोरदाहा चेकपोस्ट पर एक बेकाबू ट्रेलर ने भारी तबाही मचाई। पहले इस ट्रेलर ने मवेशियों से भरी पिकअप वैन को ज़ोरदार टक्कर मारी, जिससे पिकअप वैन सड़क पर पलट गई। इसके बाद बेकाबू ट्रेलर ने चेकपोस्ट पर तैनात जवानों को अपनी चपेट में ले लिया और पास के सुरेंद्र यादव के घर में घुस गया।
इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात जैप-7 के हवलदार अरुण कुमार दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसपी, डीएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर जांच की जा रही है और ट्रेलर चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। इस दुर्घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।