धनबाद में दिल दहला देने वाली घटना: आवारा कुत्तों के हमले में 5 साल के मासूम की मौत

 
Jharkhand News: धनबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के हमले में एक 5 वर्षीय मासूम की जान चली गई। यह घटना गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के भोला नाथ बसेरिया इलाके की है।

मृतक की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है, जो कुंदन यादव का बेटा था। बताया जा रहा है कि अंकित अपने घर के पास हनुमान मंदिर के समीप खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंचा और बच्चे को चारों ओर से घेरकर उस पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुत्तों ने मासूम को बुरी तरह नोच डाला। जब तक स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक बच्चा दम तोड़ चुका था। बेटे का लहूलुहान शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पिता का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि मां सदमे में बार-बार बेहोश हो रही थी।

परिजनों ने बताया कि अंकित पास के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता था। वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे खेलने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसे खोजने निकले, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में सुबह करीब साढ़े आठ बजे फोन पर सूचना मिली कि बच्चे पर कुत्तों ने हमला कर दिया है।

पुटकी के अंचलाधिकारी विकास आनंद ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है।

यह घटना एक बार फिर शहरों में बढ़ते आवारा कुत्तों के खतरे और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने इलाके में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।