रांची में दिल दहला देने वाली वारदात, RPF जवान का सिर कटा शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका पर जांच तेज
Ranchi: राजधानी रांची में उस समय सनसनी फैल गई जब एक आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) जवान का सिर कटा शव बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस मृतक की पहचान, घटना के कारणों और संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
शव ड्यूटी की वर्दी में मिला और उसका सिर धड़ से अलग था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, आरपीएफ और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना की जानकारी परिजनों को दी गई
घटनास्थल से जवान का बैग भी बरामद किया गया है. पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. स्थिति को देखते हुए रेलवे पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक आरपीएफ जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन पर की गई थी. वह रेलवे सुरक्षा बल में कार्यरत थे और हाल ही में उसकी शादी भी हुई थी. जवान की पहचान पुलिस के स्तर पर कर ली गई है, हालांकि आधिकारिक रूप से नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है. घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है.
जवान नाइट ड्यूटी पर थे. ड्यूटी के दौरान या उसके बाद उनके साथ क्या हुआ, यह फिलहाल जांच का विषय है.रेलवे ट्रैक के पास इस तरह जवान का शव मिलना गंभीर और चिंताजनक मामला है. पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है.- शिशुपाल कुमार, निरीक्षक, रांची रेलवे सुरक्षा बल
परिस्थितियों का जायजा लिया जा रहा है
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला रेलवे दुर्घटना का है, आत्महत्या से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. जांच एजेंसियां हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास मौजूद परिस्थितियों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों का विश्लेषण किया जा रहा है. रेलवे पुलिस और आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि बिना जांच पूरी हुए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
रिपोर्ट का इंतजार
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है.