अगले 3 दिन झारखंड में झमाझम बारिश के आसार, IMD ने कई जिलों के लिए जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Jharkhand Weather: मौसम विभाग ने विशेष रूप से रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद और कोडरमा समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका है.
 

Jharkhand Weather: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राज्य के मौसम का मिजाज बदला रहेगा. इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने विशेष रूप से रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद और कोडरमा समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका है.

शुक्रवार को पूरे राज्य में बादलों का प्रभाव बना रहेगा. अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में बारिश का असर अधिक रहने का अनुमान है. रांची, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में भारी बारिश की संभावना है. कुछ जिलों में गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका है. इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिला शामिल है.

18 जुलाई को बारिश का सिलसिला रहेगा जारी

शनिवार को भी मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं. राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और खूंटी में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. इसके अलावा कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा चलने की भी आशंका है.

19 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी झारखंड पर असर

रविवार को भी मानसून सक्रिय बना रहेगा. मौसम केंद्र के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी और उससे सटे मध्य झारखंड के इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज वर्षा हो सकती है. राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और मेघगर्जन का दौर जारी रहने के आसार हैं.

बोकारो सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा

बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया. बोकारो में सबसे ज्यादा 35.5°C तापमान दर्ज हुआ. इसके अलावा डाल्टनगंज में 34.6°C, सरायकेला 33.4°C, पाकुड़ में 33.1°C, खूंटी में 32.9°C, जमशेदपुर में 32.2°C, चाईबासा में 32.2°C, रांची में 31.4°C और लोहरदगा में 30.3°C रहा. लातेहार में 22.4 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.

मौसम केंद्र रांची के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 17 जुलाई तक राज्य में औसतन 216.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 359.8 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. यानी पूरे राज्य में अब तक करीब 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने और मानसूनी ट्रफ के झारखंड के आसपास सक्रिय रहने के कारण बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं. निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है.