रांची समेत कई जिलों में आज झमाझम बारिश के आसार, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

Jharkhand Weather Update: रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और पलामू जैसे जिलों में दोपहर बाद गरज के साथ बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है. ऐसे में मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
 

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. मौसम विभाग ने आज राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि 9 जिलों में आंधी-तूफान, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

मौसम केंद्र रांची के अनुसार रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा और पाकुड़ समेत कई जिलों में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है. वहीं कुछ जिलों में बिजली गिरने और तेज आंधी की भी चेतावनी दी गई है.

झारखंड के उत्तरी और मध्य जिलों में आज दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला में सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, शाम के समय हल्की बारिश भी हो सकती है.

जानें झारखंड के सबसे गर्म और ठंडे इलाके

आज झारखंड में अधिकतम तापमान 34-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. जहां धनबाद, देवघर और पलामू जैसे पूर्वी-उत्तरी इलाकों में सबसे अधिक गर्मी पड़ सकती है. जहां पारा 36-38 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं, रांची में अधिकतम 33-35 डिग्री के आसपास रहने वाला है. अगर हम न्यूनतम तापमान की बात करें तो रात में 20-24 डिग्री तक तापमान रह सकता है. रांची और आसपास के ऊंचाई वाले जिलों में सबसे कम तापमान 19-21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में 23-24 डिग्री रह सकता है.

जानें 12 मई को कहां-कहां हुई बारिश

झारखंड में बीते दिन मंगलवार को कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. रामगढ़ में सबसे अधिक 44.6 mm बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा कई अन्य जिलों जैसे हजारीबाग, बोकारो, रांची आसपास भी छिटपुट बारिश दर्ज की गई. वहीं, सबसे अधिक तापमान दालटनगंज में 39.0°C रहा, जो राज्य का उच्चतम था. यहां गर्मी दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में ज्यादा महसूस की गई. साथ ही सबसे ठंडा मौसम ऊंचे इलाकों जैसे रांची और आसपास के क्षेत्रों में रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20-22°C के आसपास दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है. किसानों को भी फसल और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है. लगातार बदल रहे मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.