रांची के मोरहाबादी मैदान में 21 और 22 फरवरी को जमा होंगे Heavy गाड़ियां, चुनाव ड्यूटी के लिए बस, ट्रक और बाइक का डेली रेट फिक्स...
Ranchi: चुनाव ड्यूटी में लगने वाले सभी वाहन 21 और 22 फरवरी को मोरहाबादी मैदान में जमा किये जायेंगे. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूल प्रबंधन, वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिये हैं...
Feb 2, 2026, 16:45 IST
Ranchi: रांची नगर निगम चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है. चुनाव कार्य में विभिन्न कैटिगिरी के 650 से अधिक वाहनों की तैनाती की जायेगी.
प्रशासन ने इन वाहनों के लिए दैनिक भाड़े की दरें भी निर्धारित कर दी हैं. चुनाव ड्यूटी में लगने वाले सभी वाहन 21 और 22 फरवरी को मोरहाबादी मैदान में जमा किये जायेंगे.
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूल प्रबंधन, वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिये हैं.
चुनाव कार्य में बस, मिनी बस, कार, जीप, ट्रक, ऑटो, टेंपो, बाइक, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग किया जायेगा.
मोरहाबादी मैदान में वाहनों की साइनिंग और सत्यापन के लिए विशेष कार्यालय बनाया जायेगा. इसी स्थान से मतदान कर्मियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अन्य चुनाव से जुड़े कर्मियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जायेगा.
इन वाहनों का इस्तेमाल इवीएम और अन्य चुनावी सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए भी किया जायेगा.
प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यात्री बसों की दरें उनकी सीट क्षमता के आधार पर तय की गयी हैं. 49 या उससे अधिक सीटों वाली बस के लिए प्रतिदिन 3530 रुपये, 33 से 48 सीटों वाली बस के लिए 2980 रुपये और 23 से 32 सीटों वाली बस के लिए 2520 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जायेगा.
वहीं 14 से 22 सीटों वाली मिनी बस के लिए 1800 रुपये तथा आठ से 13 सीटों वाली मिनी बस के लिए 800 से 1400 रुपये प्रतिदिन की दर तय की गयी है.
- मालवाहक वाहनों की दरें भार क्षमता पर
- मालवाहक वाहनों के लिए भी भार क्षमता के अनुसार भुगतान होगा.
- 7500 किलोग्राम तक के ट्रक को प्रतिदिन 1650 रुपये, 7500 से 12000 किलोग्राम तक की क्षमता वाले ट्रक को 2480 रुपये और 12000 किलोग्राम से अधिक भार क्षमता वाले ट्रक को 2740 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे.
- कार, जीप और अन्य हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग दरें तय की गयी हैं. एर्टिगा, सेंट्रो, इंडिका, विंगर और फोर्ड जैसे वातानुकूलित वाहनों के लिए 1340 रुपये व बिना एसी वाहनों के लिए 1170 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किये गये हैं.
- एसेंट सिएना और जाइलो जैसे वाहनों के लिए एसी में 1470 रुपये और नॉन-एसी में 1280 रुपये तय किये गये हैं.
- इनोवा के लिए एसी में 1520 रुपये और बिना एसी के 1340 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे. स्विफ्ट और इंडिगो के लिए एसी में 1340 रुपये तथा नॉन-एसी में 1220 रुपये निर्धारित किये गये हैं.
- स्कॉर्पियो, टाटा सफारी, टवेरा, शेवरलेट, बीट और वरना जैसे वाहनों के लिए 1470 रुपये प्रतिदिन की दर लागू होगी.
दोपहिया, तिपहिया और इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल
दोपहिया और तिपहिया वाहनों को भी चुनाव कार्य में शामिल किया गया है.
ऑटो रिक्शा के लिए 620 रुपये प्रतिदिन, मोटरसाइकिल और स्कूटर के लिए 250 रुपये तथा साइकिल के लिए 50 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जायेगा. इस बार चुनाव कार्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है.
महिंद्रा एक्सयूवी 400 इवी, टाटा नेक्सन इवी और टाटा टिगोर इवी के लिए एसी में 1470 रुपये और बिना एसी के 1280 रुपये प्रतिदिन दिये जायेंगे. टाटा पंच इवी और टाटा टियागो इवी के लिए एसी में 1340 रुपये तथा नॉन-एसी में 1170 रुपये तय किये गये हैं. इलेक्ट्रिक ऑटो को 620 रुपये और ई-रिक्शा व ई-कार्ट को 400 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जायेगा.