जेल से बाहर आते ही हेमंत सोरेन ने भाजपा को लेकर कह दी बड़ी बात, जानें 

 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जेल से रिहा होने के बाद भाजपा के खिलाफ आक्रामक हो गए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने आज कांके रोड स्थित सीएम आवास के बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हो जाइए। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, "हमने सुना है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव समय से पहले कराने की तैयारी चल रही है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे कल ही चुनाव की घोषणा कर दें, परसों उन्हें हालात समझ आ जाएगा।"

विरोधियों की साजिश का पर्दाफाश
हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा, "मुझे सुनियोजित तरीके से जेल में डाला गया। इस साजिश को समझने में देर हुई, लेकिन मुझे न्यायालय से न्याय मिला। न्यायालय के आदेश को आज पूरा देश पढ़ रहा है। अगर मैं पांच महीने जेल में नहीं होता, तो राज्य का विकास और तेज हो सकता था। इनको डर था कि अगर हम और ज्यादा समय रह गए तो राज्य में भाजपा के लोग दीया जलाकर भी नहीं मिलते।"

भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं
हेमंत सोरेन ने अपने समर्थकों से कहा, "आपको याद है ना, मैंने इसी चौराहे पर कहा था कि विरोधियों की ताबूत में आखरी कील ठोकने का वक्त आ गया है। हम हमेशा मानते हैं कि भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं। सच्चाई को आप दफन नहीं कर सकते, वो आज नहीं तो कल उभरकर सामने आता ही है।"

सड़क से सदन तक देंगे मुंहतोड़ जवाब
पूर्व सीएम ने कहा, "मैं पांच महीने जेल में रहा और वहां के आदिवासी, दलित, पिछड़ा, गरीब लोगों की तकलीफों को देखा। खनिज संपदा से भरे इस राज्य से देश की अर्थव्यवस्था चलती है, लेकिन बदले में हमें भीख मिलती है। अब यह काम नहीं होगा। बहुत जल्द राज्य और देश में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जहां गरीबों की आवाज सुनी जाएगी। हम सड़क से लेकर सदन तक षड्यंत्रकारियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।"

भाजपा को बताया षड्यंत्रकारी
भाजपा पर निशाना साधते हुए हेमंत सोरेन ने कहा, "ये लोग षड़यंत्र को अंजाम देते रहे हैं और इसी में पारंगत हैं। ये भाई-बहन, भाई-भाई को लड़वाएंगे, हिंदू-मुसलमान, आदिवासी-ईसाई सरना के नाम पर लड़वाएंगे। लेकिन, 2024 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने उन्हें ऐसा लाठी मारा है कि आज भी ये कराह रहे हैं। यह इनके करतूतों का फल है।" कार्यकर्ताओं से हेमंत सोरेन ने आग्रह किया कि वे डटे रहें, क्योंकि किसी भी समय चुनाव की घोषणा हो सकती है। उन्होंने कहा, "झारखंड राज्य है तो झारखंडियों की ही सरकार बनेगी।"