हेमंत सोरेन ने मनाया रक्षाबंधन, बहनों से बंधवाई राखी; बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने दिया आशीर्वाद

Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बहनों के साथ त्योहार मनाया. बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और अपने हाथों से मिठाई खिलाई. इस दौरान परिवार में भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला. मुख्यमंत्री की बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया और सुख-समृद्धि की कामना की.
 

Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में भाई-बहन के प्रेम और आत्मीयता की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। दुमका के शिकारीपाड़ा से रांची पहुंची दिव्यांग बहन मति सोरेन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और अपने हाथों से मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। हर साल की तरह इस बार भी मति सोरेन विशेष रूप से अपने भाई मुख्यमंत्री को राखी बांधने सीतासाल गांव से रांची पहुंचीं।

कई वर्षों से निभा रही हैं राखी बांधने की परंपरा

दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड स्थित सीतासाल गांव की रहने वाली मति सोरेन पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राखी बांधती आ रही हैं। दिव्यांग होने के बावजूद भाई के प्रति उनका स्नेह और रक्षाबंधन को लेकर उत्साह हर साल देखने को मिलता है।

इस बार भी मति सोरेन मुख्यमंत्री को राखी बांधने के लिए खास तौर पर रांची पहुंचीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी उनका आत्मीयता से स्वागत किया। बहन से राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें आशीर्वाद दिया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मति सोरेन द्वारा अपने हाथों से मुख्यमंत्री को मिठाई खिलाने का पल भी खास रहा। इस दौरान भाई-बहन के बीच स्नेह और अपनत्व की झलक देखने को मिली।

बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने भी बांधा रक्षा सूत्र

रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने भी उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने मुख्यमंत्री के सुखद, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

राखी बांधने के बाद मुख्यमंत्री ने बड़ी बहन का स्नेहपूर्वक आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री की चचेरी बहनों ने भी उन्हें राखी बांधी और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं लंबे जीवन की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी छोटी बहनों को स्नेह और आशीर्वाद देते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मां रूपी सोरेन समेत परिवार के सदस्य रहे मौजूद

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी माता रूपी सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। परिवार के बीच आत्मीय माहौल में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया।

भाई-बहन के इस खास पर्व के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी झारखंडवासियों को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना की।

भाई-बहन के रिश्ते की दिखी खूबसूरत तस्वीर

मुख्यमंत्री आवास में रक्षाबंधन के दौरान सामने आए इन भावुक पलों ने भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह के रिश्ते को एक बार फिर उजागर किया। खास तौर पर मति सोरेन का हर साल रांची पहुंचकर मुख्यमंत्री को राखी बांधना इस रिश्ते की आत्मीयता को और खास बनाता है।