सीएम हेमंत सोरेन ने गणतंत्र दिवस पर लंदन में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को किया नमन, भावुक होकर बोले- श्रद्धांजलि देना मेरे जीवन का भावुक क्षण...
Ranchi/London: मुख्यमंत्री ने अपने जीवन का अत्यंत भावुक, प्रेरणादायी और सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया. संविधान निर्माता बाबा साहेब के विचारों को स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन और संघर्ष आज भी देश को सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है...
Updated: Jan 26, 2026, 21:39 IST
Ranchi/London: गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लंदन स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस विशेष अवसर को मुख्यमंत्री ने अपने जीवन का अत्यंत भावुक, प्रेरणादायी और सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया. संविधान निर्माता बाबा साहेब के विचारों को स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन और संघर्ष आज भी देश को सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बाबा साहेब की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता ने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव रखी. उन्होंने कहा कि समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हर नागरिक के सम्मान, गरिमा और स्वाभिमान की गारंटी है.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बाबा साहेब ने देश को न सिर्फ अधिकारों का संविधान दिया, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी आत्मसम्मान के साथ जीने का हौसला दिया. आज के समय में जब लोकतांत्रिक मूल्यों को और सशक्त करने की आवश्यकता है, तब बाबा साहेब के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास पर रखी गई गेस्ट बुक में अपने भाव और विचार भी दर्ज किए. उन्होंने इसे अपने लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया. इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, प्रदेश के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अंबेडकर म्यूजियम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.