कार चला रहे थे हेमंत, रिकॉर्डिंग कर रही थीं कल्पना, हेमंत ने सुनाई षड्यंत्र की दास्तान, देखें वीडियो

 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चर्चा में हैं। पहले जेल जाना, फिर इस्तीफा देना, बेल मिलना और वापस मुख्यमंत्री बनना उन्हें सुर्खियों में लेकर आया है। पांच महीने जेल में रहने के बाद अब हेमंत सोरेन ने फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और सीधे झारखंड मंत्रालय पहुंचे। इसके बाद वह खुद गाड़ी चलाते हुए अपने आवास गए, इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी उनके साथ थीं। रास्ते में दोनों ने एक वीडियो बनाया जो राज्य की जनता को समर्पित किया। इस वीडियो में हेमंत सोरेन ने 2019 से अब तक की सियासी हलचल और जेल की कहानी बताई है। यह वीडियो कल्पना सोरेन ने रिकॉर्ड किया है।

कोरोना में कम संसाधनों के साथ बेहतरीन काम
मुख्यमंत्री बनने के साथ ही उन्हें कोरोना जैसी बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। देश-दुनिया इस महामारी से जूझ रही थी और झारखंड के पास भी कम संसाधन थे। बावजूद इसके, उन्होंने संवेदनशीलता से जनता को बचाने का काम किया और झारखंड ने अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर रिकवरी दिखाई।

झारखंडियों की सरकार को खत्म करने की साजिश
कोरोना संकट के बाद विपक्षी दलों ने विधायकों को खरीदने की कोशिश की ताकि झारखंड की सरकार को गिराया जा सके। जब यह योजना असफल हुई तो झूठे मुकदमे लगाए गए। हेमंत सोरेन खुद भी इसका शिकार हुए और जेल गए। लेकिन झारखंड की जनता और कार्यकर्ता उनके साथ खड़े रहे और वे वापस सत्ता में लौटे।

अधूरे काम को पूरा करेंगे
हेमंत सोरेन ने कहा कि गिरफ्तारी के समय उन्होंने चाचा चंपई सोरेन को सत्ता सौंपी थी, जिन्होंने सरकार का कामकाज अच्छे से संभाला। अब वापस लौटकर हेमंत सोरेन अधूरे कामों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

केंद्र सरकार पर निशाना
हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर रोजगार न देने और गलत नीतियों के कारण छोटे उद्योगों के बंद होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवान भटक रहे हैं और उनका भविष्य अंधकार में है।

आपका हक आपका बेटा देगा
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के विकास के लिए कई मुद्दों पर काम करना है और उन्होंने 2019 से अब तक कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि अब राज्य की कमान उनके हाथ में है और वे जनता के हक और अधिकार को पूरा करने का काम करेंगे।

झारखंड: क्रांतिकारियों की धरती
हेमंत सोरेन ने झारखंड को स्वाभिमान और क्रांतिकारियों की धरती बताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोग झुकना पसंद नहीं करते और हर कोने में शहीदों की प्रतिमाएं देखी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं और जनता के आशीर्वाद और सहयोग से राज्य के विकास के लिए काम करेंगे।