नीट और JPSC विवाद पर कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले रांची में हाई अलर्ट, भाजपा कार्यालय के बाहर थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था
Ranchi Protest: नीट और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा विवाद को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रदेश भाजपा कार्यालय के घेराव के ऐलान के बाद राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने हरमू स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय के आसपास पूरे इलाके को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया है.
मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सिटी एसपी स्वयं भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंच गए हैं. वे ग्राउंड जीरो पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए थ्री-लेयर सिक्योरिटी लागू की है. कार्यालय के सामने मजबूत लोहे के बैरिकेड्स लगाए गए हैं और कई स्थानों पर कंटीले तार भी बिछाए गए हैं. बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं. प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को भी अलर्ट पर रखा गया है.
कांग्रेस कार्यकर्ता नीट और JPSC से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं. वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने या सुरक्षा घेरा तोड़ने की किसी भी कोशिश पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.