होमगार्ड विभाग झारखंड की बहाली परीक्षा में गड़बड़ी, पदाधिकारी सहित 9 कर्मचारियों पर कार्रवाई, मेडिकल स्टाफ पर भी होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

Dhanbad: होमगार्ड बहाली परीक्षा में सामने आई गंभीर लापरवाही के बाद प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर एक पदाधिकारी समेत कुल 9 कर्मियों पर कार्रवाई की गई है, जबकि मेडिकल स्टाफ के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया है. इस कार्रवाई से भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और जवाबदेही पर प्रशासन का सख्त रुख साफ नजर आ रहा है.
 

Dhanbad: होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने सख्त रुख अपनाया है. मंगलवार सुबह किए गए औचक निरीक्षण में कई पदाधिकारी और कर्मी निर्धारित समय पर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यहां सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को सुबह 5 बजे तक अपने-अपने स्थल पर उपस्थित रहना था, वहीं एक कंप्यूटर ऑपरेटर, छह पदाधिकारी और दो चौकीदार सुबह 8 बजे तक भी अनुपस्थित थे. इस पर उपायुक्त ने गंभीर नाराजगी जताते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया. साथ ही अनुपस्थित पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करते हुए उनके खिलाफ निलंबन सहित अन्य कार्रवाई के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया है.

मेडिकल टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल

इतना ही नहीं, मेडिकल टीम की कार्यप्रणाली पर भी उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि संबंधित मेडिकल कर्मियों से स्पष्टीकरण लिया जाए और ड्यूटी पर तैनात सभी मेडिकल कर्मियों का वेतन भी स्थगित किया जाए.

दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात

उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट कहा कि होमगार्ड बहाली प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. प्रशासन की इस कार्रवाई से बहाली प्रक्रिया में अनुशासन और पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश गया है.