पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते का निधन कैसे हुआ? कुल्लू SP ने बताया मौत का असली कारण...
Champai Soren Grandson Death: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के मनाली में बुधवार को निधन हो गया. अब इस संबंध में कुल्लू पुलिस अधीक्षक ने मौत की वजह की आधिकारिक सूचना दे दी है. कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि बीते दिन मनाली थाना को अस्पताल से एक युवक की मौत की सूचना मिली थी. जांच में पता चला कि मृतक वीर सोरेन अपने कुछ साथियों के साथ पानीपत की एक यूनिवर्सिटी से मनाली घूमने आया था.
इलाज के दौरान हुई मौत
एसपी मदन लाल के अनुसार, मनाली में प्रवास के दौरान वीर की तबीयत बिगड़ गयी थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन मनाली पहुंच चुके हैं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल अस्पताल और साथ आये लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
पोते की मौत के बाद बीजेपी नेता सह झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन भी मनाली पहुंच चुके हैं. जानकारी के अनुसार आज ही मृतक वीर सोरेन को अपने पैतृक स्थान सरायकेला लाया जाएगा. सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में भी इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है. परिजन गहरे सदमे में हैं और घटना के बारे में अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया जायेगा. उनके निधन पर झामुमो अध्यक्ष सह झारखंड के वर्तमान सीएम हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया है.