कैसे होगा एक साथ निकाय चुनाव के मतदान की तारीख और जैक बोर्ड की परीक्षा एक ही दिन...
Ranchi: राज्य निर्वाचन आयोग की इस चिट्ठी के जवाब में जैक ने छात्रों की परेशानी का हवाला देते हुए मतदान की तारीख बदलने का आग्रह किया है...
Feb 2, 2026, 16:02 IST
Ranchi: नगर निकाय चुनाव और मैट्रिक-इंटर परीक्षा एक ही दिन 23 फरवरी को निर्धारित होने पर राज्य निर्वाचन आयोग और जैक आमने सामने हैं.
हालत यह है कि दोनों कार्यालयों के बीच इन दिनों एक दूसरे को तिथि बढ़ाने की नसीहत देते हुए लेटर वार चल रहा है.
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अब तक जैक को तीन-तीन चिट्ठी भेजी जा चुकी है, इसके बावजूद जैक ने 23 फरवरी को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है.
राज्य निर्वाचन आयोग की इस चिट्ठी के जवाब में जैक ने छात्रों की परेशानी का हवाला देते हुए मतदान की तारीख बदलने का आग्रह किया है.
इधर जैक के अड़ियल रुख से नाराज राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट रुप से कहा है कि हर हाल में आयोग द्वारा घोषित तिथि को मतदान होगा.
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद के अनुसार चुनाव की घोषणा से पहले जेपीएससी (Jharkhand Public Service Commission), जेएसएससी (Jharkhand Staff Selection Commision) और जैक (Jharkhand Academic Council) को चिठ्ठी भेजी गई थी.
जेपीएससी और जेएसएससी ने अपनी राय आयोग को भेजी मगर जैक ने बार बार चिट्ठी लिखे जाने के बाद भी अपना स्पष्ट जवाब नहीं दिया. ऐसे में आयोग ने मतदान की तारीख घोषित कर चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें अब बदलाव की कोई गुंजाइश नहीं है.
इधर जैक सचिव जयंत कुमार मिश्र से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा गया है, उनकी राय आने के पश्चात ही कोई निर्णय लिया जायेगा.
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़- अभिभावक मंच
मतदान की तारीख और जैक बोर्ड परीक्षा एक ही दिन होने पर चल रहे तकरार के बीच अभिभावक मंच ने नाराजगी जताते हुए जैक से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करने की सलाह दी है.
अभिभावक मंच के अध्यक्ष अजय राय के अनुसार जैक बोर्ड परीक्षा और मतदान की तारीख चूंकि एक ही तारीख में टकरा रही है ऐसे में इस पर जल्द निर्णय लेने की आवश्यकता है.
उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को ही मतदान है और जैक बोर्ड की परीक्षा भी है, जो स्कूलों में एक ही साथ कैसे होगी. इसके अलावा मतदान और परीक्षा ड्यूटी में शिक्षक शामिल होते हैं. उनके लिए भी कन्फ्यूजन की स्थिति बनी हुई है.
उन्होंने राज्य सरकार से अनुरोध करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थिति में जल्द से जल्द इस पर निर्णय होना चाहिए. गौरतलब है कि 23 फरवरी को जैक बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन हिंदी (Extra), उर्दू, बांग्ला और उड़िया विषयों की परीक्षा है