ICSE–ISC 2026 Result: झारखंड के स्कूलों में जश्न का माहौल, 99% से ज्यादा छात्र सफल, लड़कियों ने फिर दिखाया दम

Ranchi: शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि, “ICSE–ISC 2026 का परिणाम यह दिखाता है कि छात्र केवल परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अवधारणात्मक समझ और संतुलित अध्ययन की ओर बढ़ रहे हैं।”
 
 

Ranchi: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) द्वारा आयोजित ICSE (कक्षा 10वीं) और ISC (कक्षा 12वीं) परीक्षा 2026 के परिणामों में झारखंड ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत शैक्षणिक पहचान को कायम रखा है. राज्य के 100 से अधिक स्कूलों से हर साल की तरह इस वर्ष भी हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए और परिणाम उम्मीद से बेहतर रहा.

99% से अधिक पास प्रतिशत, बनी उत्कृष्टता की मिसाल

ICSE (कक्षा 10) और ISC (कक्षा 12) - दोनों बोर्ड परीक्षाओं का कुल पास प्रतिशत इस बार 99 प्रतिशत के पार रहा.

  • ICSE (10वीं) का कुल पास प्रतिशत लगभग 99.18% रहा.
  • ISC (12वीं) में भी करीब 99.13% छात्रों ने सफलता हासिल की.

इतने ऊंचे पास प्रतिशत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि CISCE बोर्ड की अकादमिक गुणवत्ता और मूल्यांकन प्रणाली मजबूत और भरोसेमंद है.

लड़कियों का दबदबा बरकरार, हर स्तर पर बेहतर प्रदर्शन

ICSE–ISC रिजल्ट 2026 में लड़कियों ने एक बार फिर बाज़ी मारी है.

  • ICSE में लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से अधिक रहा.
  • ISC में भी लड़कियों ने बढ़त बनाए रखी, और लगभग सभी श्रेणियों में उनका प्रदर्शन बेहतर रहा.

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह रुझान लड़कियों की बढ़ती शैक्षणिक जागरूकता, अनुशासन और निरंतर मेहनत को दर्शाता है.

झारखंड में ICSE/ISC बोर्ड की मजबूत उपस्थिति खासतौर पर रांची, जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) और धनबाद जैसे शहरों में देखने को मिलती है. केवल रांची जिले में ही 20 से अधिक स्कूल इस बोर्ड से संबद्ध हैं. जबकि पूरे राज्य में इनकी संख्या 100 से 150 के बीच आंकी जाती है. इन स्कूलों में बिशप वेस्टकोट, लोयोला स्कूल, नरभेराम हंसराज, सेंट थॉमस और सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट, सेंट जेवियर स्कूल, लोरेटो स्कूल, बिशप स्कॉट जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं, जो हर साल उत्कृष्ट परिणाम के लिए जाने जाते हैं.

इस वर्ष जारी परिणामों के अनुसार, ICSE (10वीं) परीक्षा में झारखंड से कुल 16,693 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें 8,696 लड़के और 7,997 लड़कियां थीं. इस परीक्षा में कुल 99.02 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे. वहीं, ISC (12वीं) परीक्षा में 4,858 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 2,333 लड़के और 2,525 लड़कियां शामिल थीं. ISC परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 99.14 दर्ज किया गया, जो राज्य के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन को दर्शाता है.

रिजल्ट जारी होने के साथ ही छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला. कई स्कूलों में विद्यार्थियों की सफलता का जश्न मनाया गया. वहीं, टॉप प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता का श्रेय दिया. छात्र CISCE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. इसके अलावा स्कूल स्तर पर भी रिजल्ट की जानकारी उपलब्ध कराई गई.

झारखंड में ICSE और ISC परीक्षा 2026 के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि राज्य में शिक्षा का स्तर लगातार मजबूत हो रहा है. उच्च सफलता दर, विषयों की विविधता और छात्रों की मेहनत राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान दिला रही है. आने वाले वर्षों में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है.