झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर, 15 फरवरी तक बदलेगा मौसम 

 
मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। आज राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इसके साथ ही, कई जिलों में आज बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। झारखंड के अलग अलग हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इसके मद्देनज़र यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा आज राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग द्वारा जारी की गयी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात की भी आशंका है। आज जिन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रांची, रामगढ़ और लोहरदगा शामिल हैं। वहीं राज्य के दूसरे जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है।

दो दिन कई जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 13 और 14 फरवरी को कई जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वज्रपात की भी पूरी संभावना व्यक्त की गई है। 15 फरवरी को राजधानी और इससे सटे इलाके में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 16 फरवरी को बादल छाए तो रहेंगे लेकिन बारिश नहीं होगी। 17 फरवरी से मौसम के साफ होने के आसार हैं।

बादलों ने बढ़ाया तापमान

रविवार से छाए बादलों की वजह से मौसम थोड़ा गर्म तो जरूर हुआ है, लेकिन बादलों की आवाजाही और हवा कि वजह से ठंड में कमी नहीं हुई। जिसकी वजह से न्यनूतम तापमान में बढ़ोत्तरी देखी गई। यह करीब 11 डिग्री के करीब रहा है। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और डाल्टेनगंज का तापमान लगभग 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।