रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: विकास कार्य के चलते कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव, दो पैसेंजर ट्रेनें रद्द
Jharkhand: रेल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से विलंब से चलाया जा सकता है, जबकि दो पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.
Jharkhand: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. रेलवे के विभिन्न विकास एवं तकनीकी कार्यों के कारण आज कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ने की संभावना है. रेल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से विलंब से चलाया जा सकता है, जबकि दो पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.
बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस केवल गोमो तक चलेगी. गोमो से हटिया और वापसी का परिचालन रद्द रहेगा. खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस आद्रा तक ही चलेगी और आद्रा-हटिया-आद्रा के बीच नहीं चलेगी. वहीं आसनसोल-रांची आसनसोल मेमू पैसेंजर मूरी तक ही संचालित होगी तथा मुरी-रांची-मुरी के बीच रद्द रहेगी. इसके अलावा हटिया-सांकी पैसेंजर 28 जुलाई को पूरी तरह रद्द रहेंगी.
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्य के चलते ब्लॉक लिया जायेगा. इसके कारण रांची रेल मंडल से चलने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है. ट्रेन संख्या 18035 खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस 30 व 31 जुलाई को अपने निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से खड़गपुर स्टेशन से रवाना होगी. वहीं ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 28 जुलाई को एक घंटे विलंब से हटिया स्टेशन से चलेगी. ट्रेन संख्या 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 30 जुलाई और दो अगस्त को अपने निर्धारित समय से एक घंटे देर से टाटानगर स्टेशन से प्रस्थान करेगी.
रेलवे द्वारा रेल लाइन और स्टेशन से जुड़े विकास कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक ब्लॉक लिया गया है. इसके कारण संबंधित रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी. कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव या परिचालन में आंशिक परिवर्तन भी किया जा सकता है.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के लिए घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और समय की जानकारी जरूर जांच लें. इससे स्टेशन पर अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा.
रेलवे के विकास कार्यों के कारण अलग-अलग रेलखंडों में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने की स्थिति पहले भी सामने आ चुकी है. ऐसे कार्यों के दौरान कुछ ट्रेनों को रद्द, नियंत्रित या बदले हुए समय पर संचालित किया जाता है.