बजट भाषण में राजधानी रांची के विकास के बड़े दावों के बीच वास्तव में केवल 3 नई घोषणाएं.. देखिए वो 3 नई घोषणाएं...

Jharkhand Budget: राजधानी रांची के विकास पर सबसे अधिक फोकस करते हुए कई योजना देने का दावा किया गया है. विभागवार बजट की घोषणाओं के अनुसार बजट में रांची के लिए मात्र तीन नई घोषणाएं ही की गई हैं.
 

Jharkhand Budget: झारखंड सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में अबुआ दिशोम बजट पेश किया. वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बजट पेश करते हुए राज्य के संपूर्ण क्षेत्र के समेकित विकास का दावा किया. इस दौरा न शहर की आधारभूत संरचना, पथ निर्माण, पुल-पुलिया के विकास, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि-रोजगार के क्षेत्र में कई घोषणाएं की गईं. राजधानी रांची के विकास पर सबसे अधिक फोकस करते हुए कई योजना देने का दावा किया गया है. विभागवार बजट की घोषणाओं के अनुसार बजट में रांची के लिए मात्र तीन नई घोषणाएं ही की गई हैं.

खिलाड़ियों की सुविधा के लिए खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के फुटबॉल ग्राउंड का जीर्णोद्धार और सिल्ली में तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र में छात्रावास का निर्माण, छात्रों के लिए सेंटर ऑफ आर्ट डिस्ट्रिक लाइब्रेरी का निर्माण और हायर एजुकेशन में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज को आईआईटी और एनआईटी की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की गई है. शहर के विकास के लिए कोई नई घोषणाएं के बजाय पुरानी योजनांओं को ही बजट भाषण में शामिल किया गया है. कई घोषणाएं तो ऐसी हैं जिसका दुहराव किया गया है. इससे साफ है कि रांची के विकास की घोषणा तो हुई, लेकिन मिला क्या यह स्पष्ट ही नहीं है.

  • वर्ष 2026-27 में रांची में आईएसबीटी का निर्माण किया जाएगा. पिछले तीन साल से बजट में इसकी घोषणा हो रही है. जुडको ने डिजायन भी तैयार करा लिया लेकिन जमीन की बाधा दूर नहीं हुई है. दुबलिया में आईएसबीटी के लिए 33 एकड़ जमीन चिन्हित है, लेकिन वहां काम होगा या नहीं यह स्पष्ट नहीं है.
  • वित्तीय वर्ष 2026-27 में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दशम फॉल में ग्लास ब्रिज का निर्माण, जोन्हा फॉल में ग्लास ब्रिज और रोप वे का निर्माण तथा हुंडरू फॉल में रोप विकसित किया जाएगा. इसकी घोषणा पिछले बजट में भी हुई थी. लेकिन इस पर काम शुरू नहीं हुआ.

ये तीन योजनाएं नई...

खेल : सिल्ली में बनेगा 25 बेड का खेल छात्रावास

खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम फुटबॉल ग्राउंड के जीर्णोद्धार कार्य की स्वीकृति दी गई है. सिल्ली में संचालित आवासीय तीरंदाजी क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र में 25 बेड के खेल छात्रावास का निर्माण होगा. तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलेगी.

शिक्षा : सेंटर ऑफ आर्ट डिस्ट्रिक लाइब्रेरी बनेगी

जिले में सेंटर ऑफ आर्ट डिस्ट्रिक लाइब्रेरी का संचालन किया जाएगा। यह लाइब्रेरी सभी सुविधाओं से युक्त होगा. यहां एक साथ 500 स्टूडेंट्स बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे. लाइब्रेरी में किताबों के साथ डिजिटल गैजेट्स भी होंगे, ताकि स्टूडेंट्स टेक्नोलॉजी का फायदा उठा सकें.

उच्च शिक्षा : पॉलिटेक्निक कॉलेज होंगे विकसित

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज को आईआईटी व एनआईटी की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की गई है. ऐसा हुआ तो रांची के दो राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भी टेक कॉलेजों की तर्ज पर विकसित होंगे. ऐसे में यहां पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को क्वालिटी एजुकेशन मिलेगा.

घोषणाओं का जादू : ये एलान ऐसे... जो पिछले बजट में भी थे

स्वास्थ्य : रिम्स में लगेगी पैट-सीटी स्कैन मशीन

कैंसर रोग के इलाज के लिए रिम्स में पैट-सीटी स्कैन मशीन लगेगा। निजी लैब में पैट सिटी स्कैन कराने पर जहां 15 से 30 हजार रुपए तक खर्च होते हैं, वहीं सरकारी अस्पताल में मशीन लगने से काफी कम खर्च पर यह जांच होगी. इसके अलावा रांची सदर अस्पताल में ब्रेस्ट कैंसर रोग की पहचान के लिए मैमोग्राफी मशीन लगाई जाएगी. रिम्स और सदर में कैथलैब की स्थापना होगी. यह योजना पुरानी है. इस पर पहले से काम चल रहा है.  लेकिन इसे भी बजट में शामिल किया गया हैं.

सुरक्षा : रांची में कमांड कंट्रोल सेंटर होगा तैयार

झारखंड पुलिस के लिए रांची में 80 करोड़ रुपए की लागत से कमांड कंट्रोल सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है. इसी वर्ष उसे पूरा किया जाएगा. इसके बाद पुलिस क्राइम कंट्रोल में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर सकेगी। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत छह वर्ष पहले हुई थी. लेकिन अभी तक बनकर तैयार नहीं हुआ. इसके बनने के बाद शहर की सुरक्षा बढ़ेगी.  अपराध पर लगाम भी लगेगा.  बजट में इस प्रोजेक्ट को भी शामिल किया गया.  सेंटर के चालू होने के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी.

सुरक्षा : बिरसा मुंडा कारागार में 5जी जैमर लगेगा

बिरसा मुंडा कारागार होटवार सहित अन्य जिलों में स्थित जेलों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल रोकने के लिए 5जी सेल फोन जैमर लगाने की घोषणा की गई है.  हालांकि, पिछली बार बजट में भी इसकी घोषणा की गई थी. जबकि, सच्चाई यह है कि बिरसा मुंडा जेल में मौज-मस्ती की पूरी व्यवस्था है.  बड़े-बड़े घोटाले के आरोपी पैसे के बल पर जेल में वीआईपी बैरक तक बेचते हैं.  इसका खुलासा पिछले दिनों एक वीडियो के वायरल होने के बाद हुआ था. 

आवास : अधूरा निर्माण पूरा करने की घोषणा

धुर्वा के आनी गांव में कुष्ठ रोगियों के लिए निर्मल आवास नाम से 256 आवासों का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है. कुष्ठ रोगियों के बीच इसका आवंटन भी कर दिया गया है. इसके बावजूद बजट में इसका उल्लेख किया गया है. नए आवासीय प्रोजेक्ट के बजाय प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े आवास का निर्माण पूरा करने की घोषणा की गई है. हालांकि इस परियोजना का निर्माण और आवंटन कार्य पूरा हो चुका है.

किसान : सोलर आधारित कोल्ड रूम बनेगा

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रथम चरण में एक लैंप्स-पैक्स में कोऑपरेटिव मार्केटिंग कांप्लेक्स सह सोलर पैनल आधारित कोल्ड रूम के निर्माण की घोषणा की गई है. इसके लिए 162.20 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है. रांची जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में 1-1 कांप्लेक्स सह कोल्ड रूम के निर्माण की योजना पहले ही बनी थी. गोदाम बनने से किसान अपने उत्पादों को काफी कम शुल्क में लंबे समय से संरक्षित रख सकते हैं.

हवाई सेवा : 3 हजार फीट बढ़ाया जाएगा रनवे

रांची में बिरसा मुंडा हवाई अड्डा का विस्तार किया जाएगा. इसके लिए राज्य सरकार से एमओयू किया गया है. इसके तहत एयरपोर्ट पर रनवे की लंबाई को 9 हजार फीट से बढ़ाकर 12 हजार फीट किया जाएगा. इसके अलावा एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा. सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी. यह पहले से चल रही योजना है. एयरपोर्ट के विस्तार का काम जमीन अधिग्रहण और कब्जा नहीं होने की वजह से अधूरा पड़ा है. रनवे विस्तार के बाद एयरपोर्ट पर लंबी दूरी की उड़ानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी.

पशुपालन : बनेगा मिल्क पाउडर प्लांट

पशुधन विकास योजना अन्तर्गत दूध संग्रहण, विधायन और विपणन अनुदान योजना पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में 481.35 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा की गई है. इसके तहत रांची में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का मिल्क पाउडर प्लांट एवं उच्च क्षमता के मिल्क प्रोडक्ट प्लांट की स्थापना की जाएगी. इसके लिए झारखंड मिल्क फाउंडेशन को सहायता राशि देने की घोषणा की गई है.