बीते 24 घंटे में 3 जिलों में वज्रपात से कुल 5 लोगों की मौत, तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह...
Jharkhand Weather Update: झारखंड में शुक्रवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई और देर रात तक बूंदाबांदी जारी रही. आसमान में काले बादल छाए रहे. कोडरमा में सबसे अधिक 31 मिमी, जमशेदपुर में 12 मिमी, मेदिनीनगर में 10 मिमी, गुमला में 5 मिमी और हजारीबाग में 5 मिमी बारिश हुई. रांची में करीब 2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.
कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की घटनाएं दर्ज की गईं. इस बदले मौसम ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं कई जगहों पर यह जानलेवा साबित हुआ. मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से पूरे राज्य में यह बदलाव देखने को मिला. वज्रपात की घटनाओं में हजारीबाग, चतरा और पलामू जिलों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हजारीबाग के कटकमसांडी और पत्थलगड्डा क्षेत्र के सीमावर्ती गांव जेहरा में संजय भुइयां अपनी दो पत्नियों पूनम देवी और कल्याणी देवी के साथ वज्रपात की चपेट में आ गए.
अस्पताल में दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि संजय का इलाज जारी है. चतरा के बंदरचुवा गांव में महुआ चुनने के दौरान शमा परवीन की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उनकी बेटी और एक अन्य महिला घायल हो गईं. पलामू के सरजा गांव में तपेश्वर भुइयां की भी वज्रपात से मौत हो गई. इसके अलावा कुछ जगहों पर मवेशियों के मरने की भी सूचना है.
राजधानी रांची में दोपहर बाद शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही. इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली. हालांकि, इस बारिश से सब्जियों, गेहूं की फसल और आम के मंजर को नुकसान पहुंचा है. शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डाल्टनगंज में सबसे अधिक 36.2 डिग्री तापमान रहा. राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें कोडरमा में सबसे अधिक 31 मिमी और मेदिनीनगर में 10 मिमी वर्षा हुई.
आज भी अलर्ट, 3-4 डिग्री गिरेगा तापमान
मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में तेज हवा (40-50 किमी प्रतिघंटा), ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका जताई है. इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पहले से ऑरेंज अलर्ट भी प्रभावी रहा। लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी गई है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है. वहीं 22 मार्च से मौसम साफ होने और आसमान साफ रहने के आसार हैं, लेकिन 25 मार्च से एक बार फिर बादल छाने की संभावना जताई गई है.