झारखंड राज्यसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन को बढ़त, CPI(ML) ने किया समर्थन का ऐलान

 
Ranchi, Jharkhand News: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। सीपीआई (एमएल) लिबरेशन ने साफ कर दिया है कि उसके दोनों विधायक राज्यसभा चुनाव में INDIA ब्लॉक के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे। पार्टी के इस ऐलान को चुनावी समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन धर्म का पालन करते हुए INDIA ब्लॉक का समर्थन करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने मतदान प्रक्रिया के लिए अपने दो पोलिंग एजेंट भी नियुक्त कर दिए हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश सफल नहीं होगी और विधायक गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को मैदान में उतारा है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी को भारतीय जनता पार्टी का समर्थन प्राप्त है।

क्या कहता है विधानसभा का गणित?

झारखंड विधानसभा में INDIA गठबंधन के पास स्पष्ट बढ़त दिखाई दे रही है। गठबंधन के कुल 56 विधायक हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और सीपीआई (एमएल) के 2 विधायक शामिल हैं। दूसरी ओर एनडीए के पास 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 21 तथा आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक शामिल हैं।

एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 28 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता है। ऐसे में INDIA गठबंधन की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। हालांकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि क्रॉस वोटिंग होती है तो मुकाबला रोचक हो सकता है।

दो सीटों पर चुनाव क्यों?

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटें रिक्त हुई हैं। एक सीट झामुमो संस्थापक और वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई, जबकि दूसरी सीट भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने के कारण रिक्त हुई है।

अब सभी की निगाहें 18 जून को होने वाले मतदान और मतगणना पर टिकी हैं। खासकर यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या गठबंधन अपने विधायकों को एकजुट रखने में सफल रहता है या फिर चुनाव में कोई अप्रत्याशित राजनीतिक मोड़ सामने आता है।