झारखंड के कई हिस्सों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना, भारतीय मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
Ranchi: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज 12 जून 2026 के लिए झारखंड सहित कई राज्यों में मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इससे राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है.
गुरुवार को दोपहर बाद राजधानी के आकाश में काले बादल छा गए और 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा के साथ झमाझम बारिश हुई. रांची में करीब 41 मिमी बारिश हुई, जिससे शहर में कई जगहों पर जलजमाव हो गया. वहीं, आंधी ने राजधानी रांची और आसपास के इलाके में तबाही मचा दी. राजधानी रांची में करीब आधा दर्जन पेड़ गिर गए. वहीं, जमशेदपुर में 11 और चाईबासा में 10 मिमी बारिश हुई.
आज का मौसम
मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी 12 जून को भी रांची सहित 18 जिलों रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई है. इसके साथ ही कई जगहों पर वज्रपात और मध्यम दर्जे की बारिश होने की भी संभावना है. खास कर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने सभी 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा और चतरा में तेज हवा के साथ वज्रपात व हल्की बारिश होने की संभावना है.
सावधानियाँ:
- तेज हवाओं से गिरने वाले पेड़, बिजली गिरना और बिजली कटौती जैसे जोखिम बढ़ सकते हैं.
- खुले इलाकों में जाने से बचें और यदि वाहन चला रहे हैं तो तेज हवा के दौरान विशेष सावधानी बरतें.
- किसानों को अपने फसलों का प्रबंध और जलनिकासी का ध्यान रखने की सलाह दी गई है.
IMD ने आज देश के 13 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफानी हवाओं के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें झारखंड भी शामिल है. हवाओं की गति कुछ स्थानों पर 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है.
13 जून का मौसम
शनिवार को भी मौसम विभाग ने रांची सहित खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंधी, बारिश व वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अन्य जिलों में येलो अलर्ट है.