खनिज कानून में संशोधन पर भड़के इरफान अंसारी, बोले- झारखंड को होगा ₹10 हजार करोड़ का नुकसान
Ranchi, Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार की ओर से माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट में किए गए संशोधनों पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित बदलाव झारखंड के हितों के खिलाफ हैं और इससे राज्य को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और उसे अपनी खनिज संपदा पर मिलने वाली रॉयल्टी के लिए किसी से भीख मांगने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि नए प्रावधानों से झारखंड को करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है, जिसका असर राज्य की कई विकास योजनाओं पर पड़ेगा।
केंद्र से झारखंड के हित में कानून बनाने की मांग
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने संकेत दिया कि मुख्यमंत्री भी झारखंड के हितों को लेकर केंद्र के सामने कड़ा रुख अपना सकते हैं। मंत्री ने केंद्र सरकार से ऐसे कानून और प्रावधान बनाने की मांग की, जिससे खनिज संपदा वाले राज्यों के हित सुरक्षित रह सकें।
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से आंदोलन वापस लेने की अपील
रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे छात्रों को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और उनके साथ मजबूती से खड़ी है। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से आंदोलन खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि “जान है तो जहान है।”
मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य से बाहर के कुछ असामाजिक तत्व छात्रों के आंदोलन को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि दिल्ली से संचालित कुछ यूट्यूब आधारित मीडिया चैनल छात्रों को गुमराह कर रहे हैं और मामले को अलग दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।