SIR के बहाने राजनीति कर रही सरकार? विधानसभा में बाबूलाल मरांडी ने उठाये सवाल
Jharkhand Assembly Special Session: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान जारी है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने SIR के विरोध में सरकार की ओर से लाये गये प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए इसका समर्थन करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए, लेकिन इसके लिए SIR का विरोध करना समाधान नहीं है। राज्य सरकार को चुनाव आयोग के साथ मिलकर प्रक्रिया को सफल बनाना चाहिए।
सदन में बाबूलाल मरांडी ने सरकार की ओर से पेश किये गये आंकड़ों पर भी सवाल उठाये। उन्होंने बताया कि SIR से पहले झारखंड में 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 236 मतदाता थे, जबकि प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 2 करोड़ 21 लाख 1 हजार 249 रह गयी। उन्होंने मृत, दूसरे राज्यों में जा चुके, दोहरी प्रविष्टि वाले और लापता मतदाताओं के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि सूची से नाम हटने का मतलब यह नहीं है कि सभी लोग घुसपैठिये हैं।
SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं, पहले भी हो चुका है पुनरीक्षण
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश में 1952 से लेकर 2004 तक कई बार विशेष गहन पुनरीक्षण हो चुका है। इसलिए इसे नई प्रक्रिया बताकर राजनीतिक विवाद खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि SIR के दौरान राज्य सरकार के अधिकारी भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में लोगों को दस्तावेज जमा करने में परेशानी हो रही है, तो सरकार को उनकी मदद करनी चाहिए।
उन्होंने सरकार को स्थानीय भाषाओं में जागरूकता अभियान चलाने और मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करने की सलाह दी। मरांडी ने स्पष्ट कहा कि योग्य मतदाताओं का नाम सूची में बनाए रखना जरूरी है, लेकिन इसके लिए चुनाव आयोग का सहयोग करना चाहिए, न कि प्रक्रिया में बाधा डालनी चाहिए।