बंगाल चुनाव ड्यूटी पर तैनाती से पहले ITBP जवानों को मिला खराब खाना, धनबाद स्टेशन पर शिकायत के बाद मचा हड़कंप
Dhanbad: बंगाल विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर जा रहे आईटीबीपी (Indo-Tibetan Border Police) के जवानों में धनबाद स्टेशन पर उस वक्त नाराजगी देखने को मिली, जब उन्हें परोसा गया भोजन खराब निकला.
इलेक्शन स्पेशल ट्रेन संख्या 00438 से करीब 1700 जवान बंगाल जा रहे थे. ट्रेन मंगलवार को 13:52 बजे धनबाद स्टेशन पहुंची और लगभग एक घंटे से अधिक समय तक खड़ी रहने के बाद 14:56 बजे रवाना हुई.
इस दौरान आईआरसीटीसी द्वारा जवानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी. लेकिन जवानों का आरोप है कि जो खाना उन्हें दिया गया, उससे बदबू आ रही थी और वह पूरी तरह खराब था.
स्थिति ऐसी बनी कि जवानों ने भोजन करने से इनकार कर दिया और खाने के पैकेट प्लेटफार्म संख्या एक पर ही रख दिए. आईटीबीपी अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि भोजन की गुणवत्ता खराब थी, इसलिए जवानों ने उसे नहीं खाया और इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को दे दी.