जमशेदपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: चेन स्नैचिंग के बाद भाग रहे अपराधियों ने चलाई गोलियां, दोनों गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, टेल्को के घड़ी पार्क इलाके में बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में अलर्ट जारी कर नाकेबंदी शुरू कर दी।
पुलिस से बचने के लिए बदमाश बारीडीह गोलचक्कर होते हुए साकची की दिशा में भाग रहे थे। इसी दौरान सूर्य मंदिर मोड़ के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। घिरता देख दोनों आरोपियों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर रही पुलिस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरने के बाद एक आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। इसके बावजूद जवानों ने साहस दिखाते हुए दोनों बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अपराधियों में हरपाल सिंह उर्फ गबरू का नाम सामने आया है, जो गोलमुरी क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से लूट, छिनतई और डकैती के कई मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है।
पुलिस को शक है कि हाल के दिनों में शहर में हुई कई छिनतई और लूट की घटनाओं में इसी गिरोह का हाथ हो सकता है। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, घटना स्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक अन्य व्यक्ति के परिजन को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा, टेल्को, साकची, सीतारामडेरा, बिष्टूपुर और बिरसानगर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल दोनों आरोपियों से जैप-6 परिसर में गहन पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।