झारखंड विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण के नामांकन की अंतिम तिथि आज, 38 सीटों पर होगा मुकाबला
झारखंड में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। इस चरण में कुल 38 सीटों पर चुनाव होने हैं। नामांकन पत्रों की जांच 30 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि 1 नवंबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकते हैं। सोमवार तक 254 नामांकन प्राप्त होने के बाद अब तक कुल 347 प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं।
सोमवार को प्रदेश भर में उम्मीदवारों ने जोश के साथ अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। रामगढ़ विधानसभा सीट से एनडीए की ओर से आजसू पार्टी की प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने नामांकन भरा, जिसके बाद सिदो कान्हू जिला मैदान में आशीर्वाद जनसभा का आयोजन हुआ। सभा में ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे।
वहीं, इंडिया गठबंधन से कांग्रेस की ममता देवी ने सादगी से नामांकन दाखिल किया और आज, मंगलवार को एक जुलूस के साथ दोबारा नामांकन करेंगी। रामगढ़ सीट से नामांकन करने वालों में आजसू की सुनीता चौधरी, कांग्रेस की ममता देवी, पीपीआई (डी) के चतुर्भुज कश्यप, बीएसपी के बीनू महतो, लोकहित अधिकार पार्टी के फारुख अंसारी, राष्ट्रीय समता दल के लाल किसुन प्रसाद और आजाद समाज पार्टी से मधु देवी प्रमुख हैं।