Jharkhand Assembly Monsoon Session 2026: JPSC-JSSC मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष, 6 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा सत्र

Ranchi: झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 6 अगस्त 2026से शुरू होने जा रहा है. सात दिनों के इस सत्र में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, युवाओं के रोजगार, भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं.
 

Ranchi: झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 6 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रहा है. सात दिनों तक चलने वाले इस संक्षिप्त सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक टक्कर देखने को मिलेगी. इस बार सदन की सबसे बड़ी बहस JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, नियोजन नीति और युवाओं के रोजगार को लेकर होने की संभावना है. विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर चुका है, जबकि सरकार भी विपक्ष के हर आरोप का जवाब देने के लिए रणनीति बना रही है.

JPSC-JSSC और नियोजन का मुद्दा रहेगा केंद्र में

झारखंड में लंबे समय से JPSC और JSSC भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर विवाद जारी है. अभ्यर्थी पारदर्शी भर्ती, कथित अनियमितताओं की जांच और नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग कर रहे हैं. विपक्ष ने इन मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है. माना जा रहा है कि युवाओं और रोजगार से जुड़े सवाल पूरे मॉनसून सत्र में राजनीतिक बहस का मुख्य केंद्र रहेंगे.

दूसरी ओर, सत्ता पक्ष भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है. सरकार JPSC विवाद पर विपक्ष के हमलों का जवाब NEET परीक्षा पेपर लीक जैसे राष्ट्रीय मुद्दों का हवाला देकर भाजपा को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है.

5 अगस्त को सत्ता पक्ष और विपक्ष की अहम बैठक

मॉनसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले, 5 अगस्त को सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने विधायक दल की बैठक करेंगे.

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत सभी भाजपा विधायक शामिल होंगे. बैठक में सरकार को घेरने के लिए विभिन्न जनहित के मुद्दों और विधानसभा की रणनीति पर चर्चा होगी.

वहीं, शाम चार बजे एटीआई सभागार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सत्तारूढ़ गठबंधन की बैठक होगी. इसमें झामुमो, कांग्रेस और राजद के विधायक शामिल होकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और सदन में सरकार की रणनीति तय करेंगे. इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की अलग बैठक भी प्रस्तावित है.

7 अगस्त को पेश होगा पहला अनुपूरक बजट

6 अगस्त से 12 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण वास्तविक रूप से केवल पांच कार्यदिवस ही उपलब्ध होंगे. इसी दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट 7 अगस्त को विधानसभा में पेश करेगी. इसके बाद 10 अगस्त को बजट पर चर्चा और मतदान कराया जाएगा.

विधानसभा का प्रस्तावित कार्यक्रम

6 अगस्त

  • नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण
  • अध्यादेश (यदि कोई हो) का प्रस्तुतीकरण
  • शोक प्रस्ताव

7 अगस्त

  • प्रश्नकाल
  • वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट का उपस्थापन

8 और 9 अगस्त

  • शनिवार एवं रविवार का साप्ताहिक अवकाश

10 अगस्त

  • प्रश्नकाल
  • प्रथम अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान

11 अगस्त

  • प्रश्नकाल
  • राजकीय विधेयकों और अन्य सरकारी कार्यों पर चर्चा

12 अगस्त

  • प्रश्नकाल
  • राजकीय विधेयक
  • अन्य सरकारी कार्य
  • गैर-सरकारी संकल्प

राजनीतिक रूप से अहम रहेगा यह सत्र

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मॉनसून सत्र केवल विधायी कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि JPSC-JSSC भर्ती विवाद, युवाओं के रोजगार, नियोजन नीति और वित्तीय प्रबंधन जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिलेगी. ऐसे में छह अगस्त से शुरू होने वाला विधानसभा सत्र राज्य की राजनीति की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण सत्र माना जा रहा है.