झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुरू, मुख्यमंत्री ने पेश किया विश्वास मत 

 

आज झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में विश्वास मत का प्रस्ताव पेश किया। इस पर करीब एक घंटे चर्चा होगी। इसके बाद वोटिंग होगी। इधर सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी विधायकों प्रदर्शन किया। सदन के बाहर भाजपा के विधायक विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी करते नजर आए।

विश्वास मत पर चर्चा के दौरान सदन में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि सरकार ने जनता को ठगने का काम किया है। रोजगार के जो वादे करके हेमंत सरकार सत्ता में आई, उसे पूरा नहीं किया गया। पेंशन नहीं मिल रहा, गरीबों को अनाज नहीं मिल रहा। सरकार बस ठगने का काम कर रही है।

बताते चलें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज चौथी बार विश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे। इससे पहले उन्होंने सितंबर 2010 और जुलाई 2013 में बतौर उपमुख्यमंत्री और सितंबर 2022 में बतौर सीएम सदन में विश्वास प्रस्ताव जीता था। हेमंत सोरेन को विश्वास मत हासिल करने के लिए 38 मत की जरूरत है। उनके पास अभी 46 विधायक हैं। सरकार को पूरा भरोसा है कि वह आसानी से शक्ति परीक्षण में सफल होगी।

गौरतलब है कि आज का दिन झारखंड के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज मंत्रिमंडल का विस्तार भी हो सकता है। सदन के स्पेशल सेशन की समाप्ति के बाद सभी मंत्री शपथ ले सकते हैं। बतौर मंत्री कौन-कौन शपथ लेंगे, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को तीन बजे के बाद राजभवन में सभी मंत्री शपथ लेंगे। इस बार 12वें मंत्री का भी पद भरा जाएगा।