SIR अभियान को लेकर एक्टिव मोड में झारखंड भाजपा, संगठन को धार देने के लिए बैठक में बनी कार्ययोजना

Ranchi: बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि राज्य में होने वाले मतदाता गहन पुनरीक्षण में पार्टी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश पर बीएलए बनाया गया है. जिसकी सूची जिला स्तर पर आयोग के पदाधिकारी को दी गई है. जानकारी के मुताबिक आयोग द्वारा ऐसे बीएलए का प्रशिक्षण 16 जून से होगा, जिसमें सभी भाग लेंगे.
 

Ranchi: राज्य में आगामी 30 जून से होने जा रहे SIR को लेकर झारखंड भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई. जिसमें पार्टी द्वारा बनाए गए बीएलए के बारे में चर्चा की गई. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के अलावे भानू प्रताप शाही, बालमुकुंद सहाय सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने जहां पिछली बैठकों में लिए गए निर्णय की समीक्षा की. वहीं राज्य में होनेवाले मतदाता गहन पुनरीक्षण को लेकर चर्चा की.

SIR में भाजपा नेता और कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे

बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि राज्य में होने वाले मतदाता गहन पुनरीक्षण में पार्टी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश पर बीएलए बनाया गया है. जिसकी सूची जिला स्तर पर आयोग के पदाधिकारी को दी गई है. जानकारी के मुताबिक आयोग द्वारा ऐसे बीएलए का प्रशिक्षण 16 जून से होगा, जिसमें सभी भाग लेंगे.

उन्होंने कहा कि पार्टी के द्वारा सभी मतदान केंद्रों के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर बीएलए बनाए गए हैं, जो मतदाता गहन पुनरीक्षण के दरमियान बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे. पार्टी का मानना है कि ऐसे मतदाता जो इस देश के नागरिक नहीं हैं या मृत हो चुके हैं या फर्जी रुप से वोटर लिस्ट में शामिल हैं वैसे मतदाताओं को चिन्हित कर मतदाता सूची से बाहर किया जाना चाहिए.

ओलावृष्टि प्रभावित किसानों के मुआवजे को लेकर होगा आंदोलन-गणेश मिश्रा

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश पदाधिकारी की बैठक में राज्य में बीते दिनों ओलावृष्टि के कारण हुए किसानों की क्षति की चर्चा हुई है. पार्टी प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए राज्य सरकार पर दबाव बनाने का काम करेगी. इसके लिए राज्य के सभी प्रखंडों में धरना और आंदोलन के जरिए पार्टी किसानों की परेशानी से सरकार को अवगत कराएगी और मुआवजा देने की मांग करेगी.

उन्होंने कहा कि पहले से ही राज्य के किसान सरकार की वादाखिलाफी से परेशान हैं. वहीं हाल में हुई ओलावृष्टि के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है. ऐसे में विपक्ष में होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हम जनहित के मुद्दों पर सरकार को जगाने के लिए एक बड़ा आंदोलन करें.