झारखंड कैबिनेट की 25 सितंबर की बैठक स्थगित, तृषा के निधन के बाद लिया गया फैसला

Ranchi:  ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के निधन के बाद झारखंड सरकार ने 25 सितंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक स्थगित कर दी है. तृषा का गुरुवार को सीठियो श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया. पिता रत्नेश ने मुखाग्नि दी. अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री, विधायक और कांग्रेस नेता शामिल हुए.
 

Ranchi:  झारखंड सरकार ने 25 सितंबर को प्रस्तावित कैबिनेट की बैठक स्थगित कर दी है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के सड़क हादसे में निधन के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है। तृषा सिंह के निधन से मंत्री के परिवार के साथ-साथ राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

CM हेमंत सोरेन ने दिए बैठक स्थगित करने के निर्देश

बताया गया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग को कैबिनेट बैठक स्थगित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में माहौल गमगीन है और सरकार के तमाम लोग शोक में हैं। ऐसे में कैबिनेट की बैठक आयोजित करना उचित नहीं होगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 25 सितंबर की कैबिनेट बैठक स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया।

तृषा सिंह के निधन से शोक का माहौल

बता दें कि दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की जमशेदपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनका पार्थिव शरीर रांची लाया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, नेताओं और अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी।

गुरुवार को तृषा सिंह का अंतिम संस्कार सीठियो श्मशान घाट पर किया गया। पिता रत्नेश ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री, विधायक और कांग्रेस नेता भी शामिल हुए।