झारखंड कैबिनेट की आज बैठक, सरकारी कर्मचारियों को मिल सकता है DA Hike का तोहफा

झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए आज का दिन अहम हो सकता है. राज्य में आज कैबिनेट की बैठक होने जा रही है. इस बैठक में कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है. अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो राज्य के सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ मिल सकता है.

 

Ranchi:  झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 3 बजे प्रोजेक्ट भवन में होगी। इसमें दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा कर मंजूरी मिलने की संभावना है। राज्य के सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी बैठक में पेश किया जा सकता है।

DA में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव

इस बैठक में राज्यकर्मियों के महंगाई भत्ते में करीब 3 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव सामने आ सकता है। यदि कैबिनेट इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो राज्य के सरकारी कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। फिलहाल इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय का इंतजार है।

चार स्थानों पर कॉलेज निर्माण की तैयारी

कैबिनेट की बैठक में राज्य के चार स्थानों पर कॉलेज निर्माण के लिए राशि का प्रावधान किए जाने की संभावना है। इनमें पलामू में एक महाविद्यालय के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा पांच से अधिक सड़कों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को भी कैबिनेट के समक्ष रखा जा सकता है।

वाणिज्यकर विभाग के प्रस्तावों पर भी नजर

वाणिज्यकर विभाग की ओर से न्यायालय के आदेश के आलोक में करीब चार प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इन प्रस्तावों पर भी कैबिनेट की मंजूरी ली जा सकती है। इसके अलावा न्यायालय से संबंधित अन्य मामलों पर भी बैठक में निर्णय होने की संभावना है।

अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि हेमंत कैबिनेट की बैठक में किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है और राज्यकर्मियों के DA में बढ़ोतरी पर क्या फैसला होता है।