औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने उठाया बड़ा कदम, अंबानी, अडानी, टाटा जैसे बड़े व्यावसायिक समूहों को भेजा गया आमंत्रण

Jharkhand Desk: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के द्वारा लिखे गए पत्र की जानकारी देते हुए चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इसके पीछे मंशा यह है कि राज्य में उद्योग को बढ़ावा मिले. इस दिशा में झारखंड के व्यवसायी सरकार को सहयोग करने के साथ-साथ देश के बड़े औद्योगिक घरानों के संपर्क में हैं, ताकि राज्य में औद्योगिक माहौल बन सके.
 

Jharkhand Desk: राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बड़ा कदम उठाते हुए देश के सभी बड़े औद्योगिक घरानों को राज्य में आमंत्रित किया है. झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के द्वारा देश के जिन बड़े औद्योगिक घरानों को राज्य में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित किया गया है उनमें अंबानी, अडानी, जिंदल, टाटा सहित एक दर्जन से अधिक व्यावसायिक समूह शामिल है.

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के द्वारा लिखे गए पत्र की जानकारी देते हुए चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इसके पीछे मंशा यह है कि राज्य में उद्योग को बढ़ावा मिले. इस दिशा में झारखंड के व्यवसायी सरकार को सहयोग करने के साथ-साथ देश के बड़े औद्योगिक घरानों के संपर्क में हैं, ताकि राज्य में औद्योगिक माहौल बन सके.

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का मानना है कि सभी संसाधनों के होने के बावजूद हमारा राज्य देश के विकसित राज्यों की तुलना में काफी पीछे है.एफजेसीसीआई के अध्यक्ष ने कहा कि प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ प्रचुर मात्रा में मैनपॉवर इस राज्य में उपलब्ध है, जिसका सदुपयोग कर यहां उद्योग को बढ़ावा मिल सकता है. इसके लिए राज्य सरकार ने जो नीतियां बनाई हैं उसे ईमानदारी पूर्वक जमीन पर उतारने की आवश्यकता है. बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराकर झारखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाया जा सकता है. 

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के अनुसार इस राज्य में बड़े-बड़े उद्योग लगने से उनके सहयोगी छोटे और मध्यम उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा. जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में सिर्फ दो स्टील प्लांट हैं. इसके अलावे कोई भी बड़ा उद्योग यहां नहीं है. यहां रेलवे के उपकरण बनाने के बड़ी फैक्ट्रियां लग सकती हैं, न्यूक्लियर क्षेत्र में हम कदम बढ़ा सकते हैं.

उन्होंने कहा कि झारखंड में पर्यटन की भी असीम संभावनाएं हैं और बड़ी संख्या में मैनपॉवर हमारे पास उपलब्ध है. ऐसे में इन उद्योगों के लग जाने से राज्य में जहां रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, वहीं हमारी अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी. इस उद्देश्य के साथ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स देश के उद्योगपतियों के साथ बैठक करने और उन्हें झारखंड के बारे में जानकारी देकर नए-नए उद्योग-धंधे लगाने के लिए उन्हें प्रेरित करने की कोशिश करेगा. यदि इस दिशा में इन उद्योगपतियों का सकारात्मक रूख रहा तो राज्य के लिए बड़ी सौगात के रूप में यह होगा.