राहुल गांधी के खिलाफ FIR पर झारखंड कांग्रेस का प्रदर्शन, रांची में फूंका केंद्र सरकार का पुतला

Ranchi: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज FIR के विरोध में झारखंड कांग्रेस ने रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया. प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका.
 

Ranchi News: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी को लेकर झारखंड कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने FIR को भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट करार देते हुए राहुल गांधी के समर्थन में आवाज बुलंद की।

भाजपा पर राजनीतिक बौखलाहट का लगाया आरोप

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह भ्रम न पाले कि FIR और सरकारी दबाव के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबाया जा सकता है।

‘राहुल गांधी अकेले नहीं, जनता उनके साथ’

केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी अकेले नहीं हैं। उनके साथ देश के किसान, युवा, छात्र, आम जनता और करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कोई कृत्य किया गया है, तो उनके खिलाफ भी तत्काल प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश में कानून का राज है, भाजपा का राज नहीं है।

राजेश कच्छप बोले- राहुल को निशाना बनाना जनता की आवाज पर हमला

कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाना वास्तव में देश की जनता की आवाज को निशाना बनाना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ जितने मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, जनता के बीच भाजपा सरकार के खिलाफ उतने ही सवाल खड़े होंगे।

डॉ. सिरिवेला प्रसाद ने लगाया विपक्ष को डराने का आरोप

कांग्रेस के सह-प्रभारी डॉ. सिरिवेला प्रसाद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डर गई है। उन्होंने कहा कि जब सरकार जनता के सवालों का जवाब देने में विफल होती है, तो जांच एजेंसियों, पुलिस और मुकदमों का सहारा लेकर विपक्ष को डराने की कोशिश की जाती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न तो डरने वाली है और न ही झुकने वाली।

इरफान अंसारी बोले- संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रांची में हुआ प्रदर्शन स्पष्ट संदेश है कि संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और झारखंड कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

सुखदेव भगत ने कहा- लोकतंत्र पर हमला हुआ तो संघर्ष जारी रहेगा

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन यहीं समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब तक लोकतंत्र और संविधान पर हमला जारी रहेगा, कांग्रेस का संघर्ष भी जारी रहेगा।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी राजनीति देश के मुद्दों का जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वालों को डराने की बन गई है।

प्रदर्शन में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद

रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस नेता बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, राजेश गुप्ता छोटू, रवींद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सुरेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, आलोक दुबे, विनय सिन्हा दीपू, सोनाल शांति, राजन वर्मा, उज्ज्वल तिवारी, सुनील सिंह, राजेंद्र दास, सोमनाथ मुंडा और विजय शंकर नायक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी।