Jharkhand: दुमका में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, बोले- पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़
Jharkhand news: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। झंडोत्तोलन के बाद अपने संबोधन में राज्यपाल ने युवाओं के भविष्य, रोजगार, शिक्षा, परीक्षा व्यवस्था और सुशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
पेपर लीक और कदाचार पर सख्त संदेश
राज्यपाल ने प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र लीक, कदाचार या परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती। ऐसी घटनाओं से मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों का मनोबल टूटता है और उनके भविष्य पर भी असर पड़ता है।
उन्होंने राज्य सरकार से परीक्षा व्यवस्था की कमियों की गंभीरता से समीक्षा कर उन्हें दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई। साथ ही परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
‘जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी पूंजी’
राज्यपाल ने सुशासन को लेकर कहा कि लोकतंत्र में जनता का भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है। सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर प्रभावी ढंग से काम करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि तकनीक और डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल से सरकारी सेवाओं को आसान, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाया जा रहा है। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए लगातार और कड़ी कार्रवाई भी जरूरी है।
2047 के विकसित भारत में युवाओं की अहम भूमिका
राज्यपाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास ऊर्जा, तकनीकी ज्ञान, नए विचार और कुछ नया करने का साहस है। इन क्षमताओं को सही दिशा देकर झारखंड और देश के विकास को नई गति दी जा सकती है।
बेटियों और वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही जनजातीय और वंचित समाज के विकास को प्राथमिकता देने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सपनों का सम्मान करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस के मंच से राज्यपाल का संदेश स्पष्ट रहा कि युवाओं को रोजगार, परीक्षाओं में पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर सख्ती और जवाबदेह प्रशासन ही मजबूत और विकसित झारखंड की दिशा में अहम आधार बन सकते हैं।