तकनीक, फॉरेंसिक और जांच का दम दिखाएगी झारखंड पुलिस, 21वीं ड्यूटी मीट शुरू
Ranchi: अपराध की बदलती दुनिया में झारखंड पुलिस अब तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को रांची स्थित जैप-1 परिसर में 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ हुआ। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। 27 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों की आठ पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें 80 से अधिक पुलिसकर्मी अपनी तकनीकी दक्षता और अनुसंधान कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
12 प्रतियोगिताओं में परखी जाएगी पुलिसकर्मियों की क्षमता
पुलिस ड्यूटी मीट में फॉरेंसिक साइंस, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, कंप्यूटर अवेयरनेस, फोटोग्राफी, लिफ्टिंग-पैकिंग, डॉग स्क्वायड, एक्सप्लोसिव डिटेक्शन और फिंगरप्रिंट जैसे विषयों पर कुल 12 प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें लिखित, प्रैक्टिकल और मौखिक परीक्षाएं भी शामिल हैं।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के आधार पर राज्य की टीम तैयार की जाएगी, जिसे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भेजा जाएगा।
इन आठ टीमों के बीच मुकाबला
प्रतियोगिता में रांची के दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र, बोकारो के कोयला क्षेत्र, चाईबासा के कोल्हान क्षेत्र, डाल्टनगंज के पलामू क्षेत्र, हजारीबाग के उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र, दुमका के संताल परगना क्षेत्र और सीआईडी रांची सहित कुल आठ टीमों के पुलिसकर्मी भाग ले रहे हैं।
एक क्लिक में अपराधी का पूरा प्रोफाइल लाने की तैयारी
उद्घाटन समारोह में डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि बेहतर अनुसंधान से ही अपराधियों को सजा दिलाई जा सकती है। अपराध की दुनिया में लगातार नई तकनीक सामने आ रही है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच के तरीकों से अपडेट रहना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुलिस को अपराधियों का प्रोफाइल तैयार करने के लिए बार-बार छापेमारी और लंबी प्रक्रिया पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। तकनीकी व्यवस्था ऐसी विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है, जिससे एक क्लिक पर अपराधी से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध हो सके।
साइबर अपराध पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डीजीपी के मुताबिक, झारखंड में वर्ष 2016 से अब तक साइबर अपराध के 11,689 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 8,113 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए 48,312 मोबाइल नंबर और 9,350 IMEI नंबर ब्लॉक कराए गए हैं।
साइबर ठगी के पीड़ितों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। इसके अलावा मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के जरिए पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने की पहल की जा रही है।
मानव तस्करी के 139 पीड़ितों का रेस्क्यू
महिला और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर कार्रवाई की जानकारी देते हुए डीजीपी ने बताया कि मानव तस्करी के मामलों में 139 महिलाओं और बच्चों को बचाया गया है। वहीं, पॉक्सो और महिला अपराध से जुड़े 2,746 मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई है। पुलिस के अनुसार, 262 मामलों में दोषियों को सजा दिलाने में सफलता मिली है।
4,620 एकड़ में अफीम की अवैध खेती नष्ट
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए अभियान में वर्ष 2026 के दौरान करीब 4,620 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती नष्ट की गई है। इस कार्रवाई में 48 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं और संवेदनशील इलाकों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही।
फिंगरप्रिंट और फॉरेंसिक तकनीक पर जोर
एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक ने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने में वैज्ञानिक अनुसंधान और फॉरेंसिक साक्ष्य की अहम भूमिका है। झारखंड पुलिस ने अपराधियों की पहचान और जांच को मजबूत करने के लिए नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (NAFIS) को भी अपनाया है।
पुलिस ड्यूटी मीट के जरिए पुलिसकर्मियों को आधुनिक जांच तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इसका उद्देश्य साइबर अपराध, मानव तस्करी, महिला एवं बाल अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस की क्षमता को और मजबूत करना है।