संदिग्ध आतंकी से संपर्क के आरोप में झारखंड की छात्रा गिरफ्तार, बंगाल SIT को पूछताछ में मिले अहम सुराग

 

Jharkhand news: पश्चिम बंगाल में संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल उर्फ हामिद मंडल की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल की विशेष जांच टीम (SIT) ने झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहड़वा से एक युवती को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। युवती स्थानीय कॉलेज में स्नातक की छात्रा बताई जा रही है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसका संपर्क कई वर्षों से संदिग्ध आरोपी के साथ था।

सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती

प्रारंभिक जांच के अनुसार, करीब चार वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की पहचान हमीम मंडल से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच करीबी बढ़ी और कई बार मुलाकात भी हुई। जांच एजेंसियां अब इस संबंध की प्रकृति और उससे जुड़े संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

बरहड़वा पुलिस की मदद से हुई कार्रवाई

पश्चिम बंगाल एसआईटी ने बरहड़वा थाना पुलिस के सहयोग से युवती को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे आगे की जांच के लिए वर्दवान ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में युवती से संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

हमीम मंडल पर गंभीर आरोप

गौरतलब है कि गुरुवार को पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने हमीम मंडल को वर्दवान स्थित उसके किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह कथित तौर पर आईएसआई समर्थित नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि यह नेटवर्क प्रभावशाली राजनीतिक नेताओं और वीआईपी व्यक्तियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाने, नए लोगों को जोड़ने और संभावित आतंकी गतिविधियों के लिए नेटवर्क तैयार करने का प्रयास कर रहा था।

हनीट्रैप एंगल की भी जांच

जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, मामले में कथित हनीट्रैप नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एजेंसियों का दावा है कि संदिग्ध मॉड्यूल कुछ प्रभावशाली लोगों तक पहुंच बनाने और उनकी निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, जांच एजेंसियों ने कहा कि नेटवर्क अपने मंसूबों में सफल होता, उससे पहले ही कार्रवाई कर दी गई।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संदिग्ध नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।