झारखंड में 15 साल पुरानी सरकारी गाड़ियों की होगी नीलामी, कबाड़ में बेचने की तैयारी

झारखंड सरकार 15 साल या उससे अधिक पुराने सरकारी वाहनों को हटाने की तैयारी कर रही है. ऐसे वाहनों को कबाड़ घोषित कर उनकी नीलामी की जा सकती है. इस कदम का उद्देश्य पुराने और अनुपयोगी वाहनों को सरकारी बेड़े से हटाना तथा विभागों में नए वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है. इससे सरकारी परिसरों में लंबे समय से खड़े बेकार वाहनों से भी छुटकारा मिल सकेगा.

 

Ranchi:  झारखंड में 15 वर्ष की अवधि पूरी कर चुके सरकारी वाहनों को अब चरणबद्ध तरीके से स्क्रैप किया जाएगा। इसके लिए राज्य के परिवहन विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में परिवहन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्यस्तरीय बैठक में पुराने सरकारी वाहनों की पहचान से लेकर उनकी नीलामी और स्क्रैपिंग तक की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। इस पहल के तहत केवल 15 साल पुराने वाहन ही नहीं, बल्कि दुर्घटनाग्रस्त और लंबे समय से अनुपयोगी पड़े वाहनों को भी चिह्नित किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों के नोडल पदाधिकारियों के साथ MSTC, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) और पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (RVSF) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों को बताया गया कि वाहनों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।

थानों और सरकारी कार्यालयों में खड़े वाहनों की बनेगी सूची

परिवहन विभाग की योजना के तहत सबसे पहले उन वाहनों की पहचान की जाएगी, जो स्क्रैपिंग के योग्य हैं। पुलिस थानों में दुर्घटनाओं के बाद लंबे समय से खड़े वाहनों की भी जांच होगी। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और विभागों में रखे उन वाहनों को सूचीबद्ध किया जाएगा, जिनकी मरम्मत संभव नहीं है या जिनका इस्तेमाल अब व्यावहारिक नहीं रह गया है।

MSTC और GeM के जरिए होगी नीलामी

बैठक में MSTC और RVSF के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके तहत संबंधित विभागों को पहले पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद स्क्रैपिंग के योग्य वाहनों का विवरण अपलोड किया जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नीलामी कराई जाएगी। नीलामी के बाद वाहनों को पंजीकृत स्क्रैपिंग सेंटर के माध्यम से नष्ट किया जाएगा।

अधिकारियों को जरूरी दस्तावेज, विभागों की जिम्मेदारियों और तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की प्रशासनिक बाधा नहीं आए।

सरकारी राजस्व बढ़ाने के साथ पर्यावरण को भी होगा फायदा

परिवहन विभाग के सचिव ने कहा कि पुरानी सरकारी गाड़ियों का निस्तारण केवल अनुपयोगी वाहनों को हटाने तक सीमित नहीं है। इससे सरकारी संसाधनों का बेहतर प्रबंधन होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्क्रैपिंग से मिलने वाले वित्तीय लाभ संबंधित विभागों को प्राप्त होंगे। वहीं, स्क्रैपिंग के बाद परिवहन विभाग के माध्यम से देय कर की राशि सरकारी खजाने में जमा होगी।

सभी विभागों को समय पर कार्रवाई करने का निर्देश

बैठक में सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में स्क्रैपिंग योग्य वाहनों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया। किसी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी आने पर परिवहन विभाग से मार्गदर्शन लेने को कहा गया है।

परिवहन विभाग के अनुसार, आगे भी संबंधित विभागों और संस्थाओं के साथ बैठकें की जाएंगी, ताकि राज्य में पात्र सरकारी वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सके। इससे सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी संपत्तियों के बेहतर उपयोग की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।