Jharkhand weather report: झारखंड में शीतलहर का कहर- मैक्लुस्कीगंज में पारा माइनस, रांची समेत 6 जिलों में कोल्ड-डे अलर्ट

 

Jharkhand weather report: पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। सबसे ज्यादा असर मैक्लुस्कीगंज में देखने को मिला, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। बुधवार को मैक्लुस्कीगंज के लपरा निवासी एंग्लो समुदाय के नेलसन पॉल बॉबी गॉर्डन ने अपने तापमान मापक यंत्र से न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। वहीं जोभिया स्थित राणा कंट्री कॉटेज में डिजिटल मीटर से माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राज्य के अन्य इलाकों में भी ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कांके में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस जबकि खूंटी में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि शनिवार से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को रांची सहित छह जिलों—लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम—में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। सुबह और शाम के समय पूरे राज्य में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। ठंडी हवाओं के कारण कनकनी बढ़ेगी, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। रांची और आसपास के जिलों में बादल छाए रहने के भी आसार हैं।

इधर, ठंड का कहर जानलेवा भी साबित हो रहा है। रांची के ओल्ड एचबी रोड स्थित लग्न कॉम्प्लेक्स के सामने 50 वर्षीय महिला रेखा देवी की मौत हो गई। वह कांके रोड के चांदनी चौक क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत अत्यधिक ठंड के कारण हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। इस दौरान चडरी सरना समिति के अध्यक्ष सबलू मुंडा ने अपने खर्च पर शव को अस्पताल भिजवाने में मदद की।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि रात के समय गश्ती के दौरान पुलिस खुले में सोने वाले असहाय लोगों पर विशेष नजर रखे, ताकि ठंड से होने वाली मौतों को रोका जा सके। लगातार गिरते तापमान के बीच प्रशासन और आम लोगों दोनों के लिए सतर्कता बेहद जरूरी हो गई है।