रांची में बनेगा झारखंडी फूड मार्केट! करमटोली तालाब के पास नाइट मार्केट की भी तैयारी
Ranchi : राजधानी रांची के करमटोली तालाब के पास जल्द ही झारखंडी संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देने वाला विशेष ‘झारखंडी फूड मार्केट’ विकसित किया जा सकता है। इसके लिए 51 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों और अभियंताओं के साथ स्थल का निरीक्षण किया और इसके बेहतर उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को यहां सामान्य बाजार के बजाय विशेष वेंडिंग जोन विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस स्थान को झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देने वाले झारखंडी फूड मार्केट के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
पाथवे और पार्किंग के साथ मिलेंगी नागरिक सुविधाएं
प्रस्तावित फूड मार्केट में लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने अभियंताओं को ऐसा डिजाइन तैयार करने को कहा है, जिसमें सुव्यवस्थित पाथवे, पार्किंग स्थल, शेड, शौचालय और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
इसके अलावा स्थल की खूबसूरती बढ़ाने के लिए झारखंड की कला और संस्कृति से जुड़ी आकर्षक कलाकृतियों और पेंटिंग्स को भी शामिल करने पर जोर दिया गया है। उद्देश्य है कि यह जगह खान-पान के साथ-साथ झारखंड की स्थानीय कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी पेश करे।
एक जगह मिलेगा झारखंडी व्यंजनों का स्वाद
नगर आयुक्त के मुताबिक, इस परियोजना का उद्देश्य केवल वेंडर्स को व्यवस्थित और स्थायी जगह उपलब्ध कराना नहीं है। इसके जरिए शहरवासियों को एक ही स्थान पर झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खान-पान का स्वाद उपलब्ध कराने की योजना है।
फूड मार्केट के व्यवस्थित रूप से विकसित होने के बाद यह स्थान रांची के लोगों के साथ-साथ शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है। यहां स्थानीय व्यंजनों को एक प्लेटफॉर्म मिलने से छोटे कारोबारियों और वेंडर्स को भी फायदा होने की उम्मीद है।
भविष्य में नाइट मार्केट के रूप में विकसित करने की तैयारी
करमटोली तालाब के पास बनने वाले इस फूड मार्केट को भविष्य में नाइट मार्केट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा। इससे शाम और रात के समय यहां लोगों की आवाजाही बढ़ सकती है और क्षेत्र को एक नए शहरी आकर्षण के रूप में विकसित किया जा सकता है।
नगर निगम की योजना के मुताबिक, वेंडिंग जोन, बेहतर नागरिक सुविधाओं, झारखंडी कला और पारंपरिक खान-पान को एक साथ जोड़कर इस स्थल को रांची के नए फूड और सांस्कृतिक हब के तौर पर विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।