जून में शुरू होगी झारखंड की पहली प्रोफेशनल टी20 क्रिकेट लीग, स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
Ranchi: झारखंड में क्रिकेट को नई दिशा और पहचान दिलाने की कवायद अब तेज हो गई है. झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने राज्य में टी20 क्रिकेट लीग के आयोजन के लिए SJ Uplift को अधिकृत किया है. दोनों पक्षों के बीच सात वर्षों के लिए करार हुआ है, जिसके तहत राज्य में एक फ्रेंचाइजी आधारित प्रोफेशनल टी20 लीग का संचालन किया जाएगा. इस पहल को झारखंड क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
दर्शकों के लिए मैचों में प्रवेश निशुल्क
जानकारी के अनुसार, इस बहुप्रतीक्षित लीग की शुरुआत जून के पहले सप्ताह से होने की संभावना है. पहले सीजन में कुल छह टीमें भाग लेंगी. खास बात यह है कि दर्शकों के लिए मैचों में प्रवेश निशुल्क रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग स्टेडियम तक पहुंच सके और क्रिकेट के इस महोत्सव का आनंद ले सके.
इस लीग की एक और अहम विशेषता यह है कि इसमें पुरुषों के साथ-साथ महिला क्रिकेट को भी समान रूप से स्थान दिया गया है. महिला लीग में तीन टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे राज्य की महिला खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा. खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन और बिडिंग प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा दोनों सुनिश्चित हो सके. JSCA के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने इस पहल को राज्य में एक संगठित और मजबूत क्रिकेट ढांचा तैयार करने की दिशा में अहम बताया है. उन्होंने कहा कि इस लीग के माध्यम से झारखंड के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे.
वहीं SJ Uplift के संस्थापक संभव जैन ने इसे क्षेत्रीय खेलों के विकास के लिए एक बड़ा अवसर करार दिया है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक सुदृढ़ और पेशेवर लीग संरचना तैयार करना है, जो लंबे समय तक खिलाड़ियों और खेल दोनों के विकास में सहायक साबित हो.
खिलाड़ियों के पास प्रतिभा निखारने का मौका
पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शाहबाज नदीम ने भी इस पहल का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि यह लीग स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से कई खिलाड़ी भविष्य में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) तक का सफर तय कर सकते हैं.
प्रतिभाओं को समान अवसर
झारखंड के अनुभवी क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने बताया कि इस लीग में राज्य के सभी 12 जिलों के खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा, जिससे प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सके. वहीं JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि इस पहल से उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही, बड़े कॉर्पोरेट समूहों की भागीदारी से लीग का स्तर और आकर्षण भी बढ़ेगा.
इस विशेष मौके पर JSCA स्टेडियम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण भी पहुंचे. हालांकि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी तरह की औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन उनकी मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा और उत्साह को और बढ़ा दिया.